Sitamarhi News: आग से साइकिल और बाइक जली, लाखों की संपत्ति राख
Sitamarhi News: चोरौत गांव में मंगलवार रात आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जल गई। पवन झा का घर पूरी तरह से राख हो गया और एक गर्भवती गाय गंभीर रूप से झुलस गई। दमकल और ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। पीड़ित परिवार राहत और मुआवजे की मांग कर रहा है।

Sitamarhi News: चोरौत। चोरौत पूर्वी पंचायत के चोरौत गांव स्थित वार्ड संख्या तीन में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई। हादसे में घर में बंधी एक गाय गंभीर रूप से झुलस गई, जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पवन झा के फूस निर्मित घर में रात करीब एक बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और समीप के तालाब व मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।
तेज लपटों के कारण स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।घटना की सूचना मिलने पर चोरौत थाना पुलिस तथा पुपरी से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। दमकलकर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।अगलगी की इस घटना में घर में बंधी गर्भवती गाय बुरी तरह झुलस गई। वहीं एक बाइक, दो साइकिल, कपड़े, अनाज, फर्नीचर समेत करीब दो लाख रुपये मूल्य की संपत्ति नष्ट हो गई। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पीड़ित गृहस्वामी पवन झा ने बताया कि घटना से परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने स्थानीय थाना एवं अंचल कार्यालय में आवेदन देकर राहत एवं मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उन्हें इस संकट की घड़ी में राहत मिल सके।

