
डुमरा में शुरू हुई बच्चों का गृहवार सर्वे की तैयारी
सीतामढ़ी में शिक्षा विभाग ने 6 से 19 वर्ष आयु वर्ग के अनामांकित या स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष पहल की है। डुमरा प्रखंड में सर्वेक्षण किया जाएगा। बैठक में शिक्षकों को घर-घर जाकर बच्चों की स्थिति की पहचान करने और डेटा एकत्र करने के निर्देश दिए गए।
सीतामढ़ी। जिले में 6 से 19 वर्ष आयु वर्ग के उन सभी बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग ने विशेष पहल शुरू की है, जो अनामांकित हैं या किसी कारणवश विद्यालय छोड़ चुके हैं। इसी उद्देश्य से डुमरा प्रखंड में व्यापक गृहवार सर्वेक्षण कराया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को मध्य विद्यालय सोशल क्लब में प्रधानाध्यापकों की बैठक सह प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता बीईओ अरविंद कुमार ने की। प्रशिक्षण के दौरान उच्च माध्यमिक विद्यालय आजमगढ़ के शिक्षक अभिषेक कुमार और शिक्षक बबली कुमार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं शिक्षा का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों को विस्तार से समझाया।
उन्होंने बताया कि किसी भी हालत में 6-19 आयु वर्ग का बच्चा स्कूल से बाहर न रहे, यह सुनिश्चित करना शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे घर-घर जाकर बच्चों की वास्तविक स्थिति की पहचान करें और नाम, आयु, अभिभावक तथा पढ़ाई छोड़ने के कारणों का विवरण निर्धारित प्रपत्र में भरकर प्रखंड कार्यालय को सौंपें। बीईओ अरविंद कुमार ने कहा कि 22 दिसंबर से सर्वेक्षण शुरू होगा और कोई भी पंचायत सर्वे से छूटनी नहीं चाहिए। उन्होंने ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर शिक्षकों की देर से उपस्थिति और हाजिरी बनाकर विद्यालय छोड़ देने की प्रवृत्ति पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में प्रधानाध्यापक समेत संबंधित शिक्षकों पर कार्रवाई तय है। उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों को यू-डाइस अद्यतन और एनरोलमेंट गैप पूरा करने पर विशेष जोर दिया। बीईओ ने जानकारी दी कि डुमरा प्रखंड में सत्र 2024-25 व 2025-26 के बीच 4200 बच्चों का गैप है, जिसे जल्द पूरा करना आवश्यक है। कार्यक्रम में पिरामल फाउंडेशन के प्रशिक्षक अभिषेक कुमार ने फाइलेरिया के प्रति जागरूकता संबंधी जानकारी भी दी। बैठक में डाटा ऑपरेटर मधुरेंद्र कुमार सहित प्रखंड के सभी 96 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




