
आरटीपीएस की करें दैनिक मॉनिटरिंग
सीतामढ़ी में डीएम रिची पांडेय की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समन्वय बैठक हुई। उन्होंने सभी अधिकारियों को विकासात्मक योजनाओं के कार्यान्वयन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। किसानों की सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा और नए संयुक्त योजना भवन के निर्माण की जानकारी भी दी गई।
सीतामढ़ी,। समाहरणालय के परिचर्चा भवन में विभिन्न विभागों की समन्वय बैठक डीएम रिची पांडेय की अध्यक्षता में हुई। डीएम ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की विकासात्मक व कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित गुणवत्ता व मानकों के अनुरूप करें। नए वित्तीय वर्ष के लिए कुछ ही माह शेष रहने पर डीएम ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। प्रखंड स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हर 15 दिन में आयोजित करें। आरटीपीएस की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। छोटे किसानों से धान की अधिक खरीद करें तथा किसानों का समयबद्ध भुगतान करें।
संस्थागत प्रसव का दैनिक प्रतिवेदन भेजें। किसानों के निबंधन के लिए कैंप लगाएं। जिला स्तरीय टीम योजनाओं के क्रियान्वयन की जांच करेगी। आपदा राहत व स्वास्थ्य सेवाओं पर सख्ती : डीएम ने आपदा प्रभावितों को अनुग्रह अनुदान का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। अगलगी, सर्पदंश, बिजली गिरने, हिट एंड रन आदि मामलों में कोताही न बरतें। गड़बड़ी करने वाले सीएससी को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। प्रखंडवार आधार सेंटर का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी 680 हेल्थ सब-सेंटर शीघ्र चालू करने का निर्देश दिया। 410 सब-सेंटर फंक्शनल हो चुके हैं। शेष पर जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया। सभी अंचल अधिकारियों को योजनाओं के लिए भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन करने को कहा। उद्योग, पशुपालन, विद्युत, सहकारिता, मत्स्य, समाज कल्याण, आपूर्ति, जीविका, डीआरसीसी समेत अन्य विभागों की भी समीक्षा किया। समाहरणालय में बनेगा संयुक्त योजना भवन : जिला योजना पदाधिकारी ने बताया कि समाहरणालय परिसर में 14 करोड़ की लागत से जी 3 संयुक्त योजना भवन बनेगा। प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द निर्माण शुरू होगा। बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, अपर समाहर्ता (राजस्व) संजीव कुमार समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




