स्टॉम वाटर ड्रेनेज सिस्टम योजना का डीएम ने किया स्थल निरीक्षण
सीतामढ़ी में जिलाधिकारी रिची पांडेय ने स्टार्म वाटर ड्रेनेज योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना शहर के जलनिकासी तंत्र के लिए महत्वपूर्ण है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीतामढ़ी। नगर निगम क्षेत्र में संचालित स्टार्म वाटर ड्रेनेज योजना का मंगलवार को ही देर शाम जिलाधिकारी रिची पांडेय ने पुनौरा पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजना के तहत निर्माणाधीन नाले की वर्तमान स्थिति, कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कार्य की धीमी गति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्टार्म वाटर ड्रेनेज योजना शहर के जलनिकासी तंत्र को मजबूत करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बुडको के अधिकारी एवं कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य की गति तेज कर योजना को हर हाल में पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने बुडको के अभियंता से कार्य में देरी को लेकर स्पष्टीकरण पूछने का आदेश भी दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम में शहर में जलजमाव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। ऐसे में स्टार्म वाटर ड्रेनेज योजना का समय पर पूरा होना आम लोगों की सुविधा और शहर के विकास के लिए जरूरी है। योजना में लापरवाही का सीधा असर जनता पर पड़ेगा, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मंगलवार के ही अंक में आपके अपने अखबार हिंदुस्तान ने बुडको की लापरवाही से विकास की रफ्तार ठप शीर्षक से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इस खबर को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने नगर निगम क्षेत्र में बुडको द्वारा संचालित योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया और संबंधित अभियंताओं पर सख्ती दिखाई। मौके पर नगर आयुक्त डॉ. गजेंद्र प्रसाद सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आनंद कुमार एवं बुडको के अभियंता मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


