317 दंडाधिकारी तैनात हुड़दंगियों पर होगी नजर
सीतामढ़ी के जिला प्रशासन ने होली और अन्य त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए तैयारी पूरी कर ली है। जिलाधिकारी ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया है। 17 वरीय अधिकारियों और 317 दंडाधिकारियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सीतामढ़ी,। होली एवं आने वाले अन्य पर्व-त्योहारों के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में शनिवार को प्रतिनियुक्त सेक्टर पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई। जिलाधिकारी रिची पांडेय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। विधि व्यवस्था संधारण के लिए जिले के सभी अनुमंडलों में थानावार 17 वरीय पदाधिकारियों को सेक्टर पेट्रोलिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके साथ कुल 317 दंडाधिकारियों तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र/लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
सभी पदाधिकारियों को समय पर अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि होली के दौरान सामाजिक तनाव उत्पन्न करने की कोशिश करने वालों, हुड़दंगियों तथा असामाजिक तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है। ऐसे तत्वों के विरुद्ध दंड प्रक्रिया संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। जातीय एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले व्यक्तियों पर भी सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



