Sitamarhi News: एंबुलेंस शोपीस,‘108’ पर कॉल के बाद भी नसीब नहीं हो रही सेवा
Sitamarhi News: सीतामढ़ी। जिला सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई हैं। केवल 5 एंबुलेंस में से काम कर रही हैं, जबकि बजट में 73 एंबुलेंस का जिक्र है। मरीज नहीं मिलने के कारण निजी वाहन और ऑटो का सहारा ले रहे हैं। अधिकारी मरम्मत का दावा कर रहे हैं।

Sitamarhi News: सीतामढ़ी। जिला सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का ढर्रा पूरी तरह पटरी से उतर चुका है। कागजों में जिले में भले ही 73 एंबुलेंस दौड़ रही हों, लेकिन धरातल पर मरीज एक-एक एंबुलेंस के लिए तरस रहे हैं। सदर अस्पताल में कहने को 13 एंबुलेंसें तैनात हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ 5 ही काम कर रही हैं। तीन एंबुलेंस लंबे अरसे से कबाड़ बनकर धूल फांक रही हैं, जबकि दो दुर्घटनाग्रस्त होकर थानों में सड़ रही हैं। नतीजा यह कि इमरजेंसी और प्रसूति वार्ड से डिस्चार्ज होने वाले मरीजों को घंटों इंतजार के बाद मजबूरी में निजी एंबुलेंस और ऑटो का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रसूताओं को घर लौटने का इंतजार, घंटों लग रहे चक्कर : अस्पताल के प्रसूति वार्ड में भर्ती मरीजों के परिजनों रेखा कुमारी, सावित्री देवी और राजेंद्र ठाकुर ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि डिलीवरी के लिए अस्पताल लाते वक्त तो जैसे-तैसे एंबुलेंस मिल गई, लेकिन अब डिस्चार्ज होने के बाद घंटों बीत जाने पर भी गाड़ी नसीब नहीं हो रही। जब एंबुलेंस कर्मियों से सवाल किया जाता है, तो रटा-रटाया जवाब मिलता है “गाड़ी रूट में है, इंतजार कीजिए।
प्रसूति वार्ड की स्थिति
खराब मौसम और नवजात शिशु की सुरक्षा को देखते हुए गरीब परिजनों को जेब ढीली कर निजी वाहन रिजर्व करने पड़ रहे हैं। हाल ही में मेल वार्ड से डिस्चार्ज हुए एक बुजुर्ग को भी जब एंबुलेंस नहीं मिली, तो वे ऑटो से घर जाने को मजबूर हुए। अस्पताल में सिर्फ एक मर्च्युरी एंबुलेंस चालू स्थिति में है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से पोस्टमार्टम के बाद शवों को घर पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। अगर अस्पताल में इलाज के दौरान किसी मरीज की मौत हो जाती है, तो परिजनों को शव ले जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
अधिकारी का दावा
मामले पर सीतामढ़ी के एसीओ निकेश कुमार ने माना कि जिले की 73 एंबुलेंस में से 3 पूरी तरह खराब हैं और दो दुर्घटनाग्रस्त होकर थानों में खड़ी हैं। हालांकि, उनका कहना है कि अन्य खराब वाहनों की मरम्मत कराई जा रही है और जल्द ही सेवा को सुचारू कर लिया जाएगा।


