Sitamarhi News: पूजा समितियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य
Sitamarhi News: चोरौत थाना परिसर में थानाध्यक्ष मोनी कुमारी की अध्यक्षता में पूजा समितियों की बैठक हुई। प्रखंड की सभी 14 समितियों को दुर्गापूजा आयोजन के लिए लाइसेंस लेने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया। जुलूस में अस्त्र-शस्त्र पर रोक, समय पर प्रतिमा विसर्जन और पंडालों में सदस्यों की चौबीस घंटे उपस्थिति अनिवार्य है। समितियों से डीजे की प्रतिस्पर्धा के बजाय पंडाल सजाने और श्रद्धालुओं की सुविधा पर ध्यान देने की अपील की गई।

Sitamarhi News: चोरौत। दुर्गापूजा के आयोजन के लिए सभी पूजा समितियों को हर हाल में लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। इसके लिए आवश्यक कागजात जमा करने का निर्देश दिया गया है। इसको लेकर चोरौत थाना परिसर में थानाध्यक्ष मोनी कुमारी की अध्यक्षता में पूजा समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों की बैठक हुई। इसमें प्रखंड क्षेत्र की सभी 14 पूजा समितियों को पूजा आयोजन से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि सभी समितियां अपने सदस्यों की पहचान के लिए बैज या आईकार्ड जारी करें। जुलूस में किसी भी तरह के अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग नहीं किया जाएगा। प्रतिमा विसर्जन निर्धारित समय के अनुसार करना होगा। वहीं, पूजा पंडालों में 24 घंटे समिति के सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, ताकि सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में कोई परेशानी नहीं हो।
पंडालों और श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर
उन्होंने पूजा समितियों से डीजे बजाने में प्रतिस्पर्धा करने के बजाय पंडालों की सुंदरता बढ़ाने पर ध्यान देने की अपील की। साथ ही श्रद्धालुओं के आवागमन और पूजा-अर्चना की सुविधा का विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया।
बेहतर पंडाल बनाने वाली समिति होगी सम्मानित
सबसे सुंदर और बेहतर पंडाल बनाने वाली समिति को वरीय पदाधिकारी की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने पर भी चर्चा की गई। बैठक में अपर थानाध्यक्ष विक्की कुमार, सअनि राकेश कुमार, सअनि चंद्र प्रकाश सहित प्रखंड की सभी 14 पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष और लक्ष्मी नारायण मंदिर (मठ) की आयोजन समिति के अध्यक्ष समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।

