
मेला रोड स्थित बंद घर में लाखों की चोरी, इलाके में दहशत
सीतामढ़ी में मेला रोड पर एक बंद घर में चोरों ने चोरी की। चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति चुरा ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है और लोग पुलिस की गश्ती पर सवाल उठा रहे हैं। चोरों की हरकतें सीसीटीवी में कैद हुई हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीतामढ़ी। नगर थाना क्षेत्र के मेला रोड स्थित एक बंद घर को चोरों ने बीती रात निशाना बनाया। बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ईमानदारी से गश्ती करती, तो इस तरह की घटनाएं बार-बार नहीं होतीं। गौरतलब है कि करीब तीन सप्ताह पूर्व भी नगर थाना क्षेत्र के कई बंद घरों में चोरी की वारदात हुई थी, जिसकी गुत्थी पुलिस अब तक नहीं सुलझा सकी थी।

अब एक और मामला सामने आ जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, जिस घर में चोरी हुई, उसके सभी सदस्य इस समय बेंगलुरु में रहते हैं। घर के परिजन के अनुपस्थित रहने के कारण पड़ोसी सुरेन्द्र कुमार ने नगर थाने में आवेदन देकर घटना की शिकायत की। शिकायत मिलते ही नगर थानाध्यक्ष अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। जब चोर घर का दरवाजा तोड़ रहे थे, तभी खटखट की आवाज सुनकर पड़ोसी सुरेन्द्र कुमार ने शोर मचाया। जिसके बाद चोर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोरों की हरकतें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। फुटेज में चोरों को खाली हाथ भागते हुए देखा जा सकता है। नगर थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




