जिले के 134 सरकारी स्कूलों में बनाए जाएंगे 241 शौचालय
बिहार के सीतामढ़ी जिले में सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 134 स्कूलों में 241 शौचालय निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है। इस पर लगभग 6.98 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। छात्राओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग शौचालय इकाइयां बनाई जाएंगी।

आमोद कुमार सीतामढ़ी। जिले के सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिले के 134 स्कूलों में 241 इकाई शौचालय निर्माण का प्रस्ताव बिहार शैक्षणिक आधारभूत संरचना निगम को भेजा गया है। प्रस्तावित निर्माण कार्य पर करीब 6 करोड़ 98 लाख, 76 हजार रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है। विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
शौचालय निर्माण की आवश्यकता
बिहार शिक्षा परियोजना (बीईपी) के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या को देखते हुए शौचालय निर्माण की आवश्यकता महसूस की गई थी। कई विद्यालयों में पर्याप्त शौचालय नहीं होने के कारण विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों से प्राप्त मांग के आलोक में जिले के विभिन्न विद्यालयों का सर्वे कर प्रस्ताव तैयार किया गया है।
स्वच्छता व्यवस्था में सुधार
उन्होंने बताया कि प्रस्ताव के तहत छात्र एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय इकाइयों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके। विभागीय मंजूरी मिलते ही निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। कार्यपालक अभियंता ने कहा कि शौचालय निर्माण होने से विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को काफी सहूलियत मिलेगी। खासकर छात्राओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे उनकी उपस्थिति और पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था भी मजबूत होगी। अधिकारियों का कहना है कि सरकार लगातार विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दे रही है, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


