शिक्षण संस्थानों के 500 मीटर दायरे में ‘ ड्रग मुक्त क्षेत्र’ घोषित
बिहार के शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी और गैर सरकारी शैक्षणिक संस्थानों के आसपास 500 मीटर क्षेत्र को 'नशामुक्त क्षेत्र' घोषित किया है। इस फैसले का उद्देश्य छात्रों को नशे की लत से बचाना और सुरक्षित भविष्य प्रदान करना है। जागरूकता अभियान और चिकित्सा जांच जैसे उपायों के माध्यम से नशीली गतिविधियों पर कड़ी रोक लगेगी।

आमोद कुमार सीतामढ़ी। जिले के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी शैक्षणिक संस्थानों के आसपास अब नशे के कारोबार और नशीली गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। शिक्षा विभाग ने स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के 500 मीटर दायरे को ‘ ड्रग मुक्त क्षेत्र’ घोषित करते हुए सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किया है। यह कार्रवाई केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित 9वीं एनसीओआरडी की शीर्ष स्तरीय बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन में की जा रही है। शिक्षा विभाग, बिहार के निर्देश के बाद एसएसए डीपीओ प्रियदर्शी सौरभ ने जिले के सभी बीईओ को पत्र भेजकर अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
निर्देश के अनुसार स्कूल परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के लिए विशेष शिविर आयोजित होंगे। जरूरत पड़ने पर विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग एवं चिकित्सीय जांच भी कराई जाएगी। साथ ही नशे की चपेट में आने वाले बच्चों की काउंसलिंग और पुनर्वास की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि उन्हें सही समय पर सही मार्गदर्शन मिल सके।डीपीओ श्री सौरभ ने कहा कि स्कूलों के आसपास किसी भी हालत में नशे का माहौल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि विद्यालय शिक्षा और संस्कार का केंद्र है। यदि किसी भी स्कूल के आसपास नशीली गतिविधि की शिकायत मिली तो संबंधित स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी प्रधानाध्यापकों और शिक्षा पदाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को दंडित करना नहीं, बल्कि उन्हें नशे की लत से बचाकर सुरक्षित भविष्य देना है। इसके लिए शिक्षा विभाग, प्रशासन और स्थानीय समुदाय मिलकर काम करेंगे। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को छात्रों एवं अभिभावकों के बीच जागरूकता फैलाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने का निर्देश दिया है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से स्कूलों के आसपास का माहौल और अधिक सुरक्षित एवं सकारात्मक बनेगा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


