घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप

Newswrap हिन्दुस्तान, सीतामढ़ी
share

मनीष झा सीतामढ़ी। नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार

घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप

मनीष झा सीतामढ़ी। नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। नगर निगम वार्ड संख्या-43 की वार्ड पार्षद कविता कुमारी ने नगर आयुक्त को आवेदन देकर टेंडर के तहत कराए जा रहे सड़क एवं नाला निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है।उन्होंने निर्माण कार्य में बिना एग्रीमेंट प्रक्रिया पूरी किए काम शुरू करने, घटिया सामग्री के उपयोग और एस्टीमेट के अनुरूप निर्माण नहीं कराने की शिकायत करते हुए मामले की जांच की मांग की है। वार्ड पार्षद ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि वार्ड संख्या-43 में राकेश राय के घर से नागेंद्र राय के घर तक सड़क एवं नाला निर्माण कार्य कराया जाना है, जिसकी प्राक्कलित राशि 40 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।यह

योजना नगर निगम के एनआईटी-3 के तीसरे पेज में शामिल है। आरोप है कि अभी तक उक्त योजना का एग्रीमेंट नहीं हुआ है, बावजूद इसके अभिकर्ता द्वारा सड़क तोड़कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क तोड़कर उसे अधूरा छोड़ दिए जाने से वार्डवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाली का पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे आसपास बदबू फैल रही है और लोगों के आवागमन में भी कठिनाई उत्पन्न हो रही है। स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है। वार्ड पार्षद ने नगर निगम क्षेत्र में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर टेंडर कार्य एस्टीमेट के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जहां एग्रीमेंट के अनुसार सड़क की मोटाई आठ इंच होनी चाहिए, वहां केवल दो से तीन इंच तक निर्माण कर काम पूरा दिखा दिया जा रहा है। नाला निर्माण में भी गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों के अनुसार काले गिट्टी के बजाय अधिकांश स्थानों पर सफेद गिट्टी का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क और नाला की गुणवत्ता कमजोर पड़ सकती है।इससे नगर निगम की राशि खर्च होने के बावजूद लोगों को टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सुविधा नहीं मिल पाएगी। इधर, मामले को लेकर नगर आयुक्त डॉ. गजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि वार्ड पार्षद द्वारा शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। शिकायत में उठाए गए बिंदुओं के आधार पर तकनीकी टीम से अविलंब जांच कराई जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।