
किशोरी की संदिग्ध स्थिति में मौत, चंवर से शव बरामद
कोटवा में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव में प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की चर्चा है, लेकिन पुलिस हत्या और आत्महत्या सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की जानकारी देने वाले व्यक्ति से पूछताछ की गई है।
कोटवा (पू.चं.), निज संवाददाता। थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने किशोरी का शव शनिवार की रात कोटवा चंवर से बरामद किया। गांव में दबी जुबान से प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की चर्चा हो रही है, हालांकि पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलू पर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, घटनास्थल पर एफएसएल की टीम ने पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
शुरुआत में घटना की जानकारी देने वाले व्यक्ति को संदेह के आधार पर थाने लाकर पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आने पर छोड़ दिया गया। पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए किशोरी के माता और पिता से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। पुलिस पारिवारिक पृष्ठभूमि, प्रेम प्रसंग, कॉल डिटेल्स और घटनाक्रम से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष करण सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों की भूमिका सहित सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




