पटना : जिस लापता लड़की का स्कूल ड्रेस रेलवे ट्रैक पर मिला उसे SIT खोजेगी, सम्राट के मंत्री परिजनों से मिले
लापता छात्रा मामले में पुलिस ने मंगलवार को छात्रा के स्कूल से घर आने-जाने के सभी रास्तों में और आसपास लगे करीब 12 सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की। लेकिन उन कैमरों में छात्रा से संबंधित अन्य कोई फुटेज नहीं मिला है।

पटना से सटे खगौल थाना क्षेत्र से सोमवार को लापता हुई 10वीं कक्षा की छात्रा का पुलिस 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सकी। उधर छात्रा की तलाश के लिए एसआईटी गठित की गई है। इसका नेतृत्व एसपी पश्चिमी कर रहे हैं। पुलिस की टीम जांच के साथ ही छात्रा की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने मंगलवार को छात्रा के स्कूल और कोचिंग के शिक्षक और साथ पढ़ने वाले विद्यार्थियों से भी पूछताछ की। लेकिन छात्रा के संबंध में कोई सटीक जानकारी पुलिस के हाथ नहीं लगी। डीएसपी दानापुर-1 अजीत कुमार ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है। छात्रा की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयासरत है। इधऱ इस मामले में सम्राट चौधरी सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने परिजनों से मुलाकात की है।
लापता छात्रा मामले में पुलिस ने मंगलवार को छात्रा के स्कूल से घर आने-जाने के सभी रास्तों में और आसपास लगे करीब 12 सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की। लेकिन उन कैमरों में छात्रा से संबंधित अन्य कोई फुटेज नहीं मिला है। पुलिस अब छात्रा के मोबाइल के अलावा दोस्तों और परिचितों के मोबाइल फोन का सीडीआर खंगाल रही है। एसआईटी ने छात्रा के स्कूल और कोचिंग संस्थान पहुंचकर शिक्षकों और सहपाठियों से पूछताछ की है। छात्रा के स्कूल से निकलने के बाद वह किन लोगों के संपर्क में थी और किन रास्तों से घर की ओर गई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
रेलवे कॉलोनी और जंगल में भी सर्च अभियान
जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया था। टीम ने मौके का निरीक्षण कर कुछ नमूने एकत्र किए हैं। वहीं जीआरपी और रेल पुलिस ने भी मंगलवार को दोबारा छात्रा की तलाश में रेलवे ट्रैक, रेलवे कॉलोनी और आसपास के जंगलों में सर्च अभियान चलाया। जीआरपी थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा बताए गए पैसेंजर ट्रेन की जांच कराई गई, लेकिन छात्रा के संबंध में कोई सबूत नहीं मिले। रेलवे ट्रैक के आसपास भी तलाशी ली गई, लेकिन छात्रा से संबंधित कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस इस मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ डॉग स्क्वायड की भी मदद ले रही है।
रामकृपाल यादव छात्रा के परिजनों से मिले
इधर बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने लापता छात्रा के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन छात्रा की तलाश में पूरी शिद्दत से जुटा है। मंत्री ने अधिकारियों से मामले की जानकारी लेते हुए छात्रा के सकुशल बरामदगी की उम्मीद जताई है।


