बेटी कब आई थी, कब गई..,पटना में NEET छात्रा की मौत के बाद जहानाबाद पहुंची SIT; मां-बाप से हुई बात
बताया गया है कि टीम में शामिल अधिकारियों ने पूछताछ की कि उनकी बेटी कब जहानाबाद आई थी और जहानाबाद से कब किस टाइम गई थी। वह कहीं रुकी थी या नहीं। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर पूछताछ किए जाने की सूचना है।

पटना में नीट की तैयारी करने वाली जहानाबाद की निवासी छात्रा की मौत के मामले की जांच को गठित एसआईटी रविवार को दिवंगत छात्रा के गांव पतियावां पहुंची। एक महिला पुलिस इंस्पेक्टर के नेतृत्व में आयी चार सदस्यीय टीम में दो और महिला व एक पुलिस अधिकारी थे। शकूराबाद थाने की भी पुलिस एसआईटी की जांच के दौरान उनके साथ में थी। रविवार को अपराह्न तीन बजे के करीब टीम में शामिल लोग शकूराबाद थाना क्षेत्र के पतियावां गांव स्थित दिवंगत छात्रा के घर पहुंची। तकरीबन ढाई घंटे तक टीम में शामिल लोगों ने छात्र के माता-पिता से बातें की और उनका बयान रिकॉर्ड किया। मृत छात्रा की मां और उनकी एक और महिला परिजन के अलावा चाचा ने एसआईटी के द्वारा जांच करने आने की जानकारी दी।
इस संबंध में जहानाबाद के एसपी अपराजित लोहान से मोबाइल फोन पर दो बार संपर्क साधने की कोशिश की गई लेकिन संपर्क नहीं हो सका। एक पुलिस अधिकारी ने एसआईटी जांच की जानकारी दी है। शकूराबाद थाने की भी पुलिस उस दौरान शामिल थी। खबर के अनुसार पटना के शम्भू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी करने वाली छात्रा की मौत के मामले में एसआईटी द्वारा जांच शुरू की गई है। दो दिन पूर्व टीम के वरीय अधिकारियों ने पटना के उस हॉस्टल में जाकर कैमरा को सील किया था जहां छात्रा रहती थी और वहां कई जानकारियां ली थी।
रविवार को अपराह्न के बाद पतियावां गांव स्थित दिवंगत छात्रा के घर पहुंची थी। बताया गया है कि उनके पिता और उनकी माता से महिला अधिकारी ने पूछताछ की। बताया गया है कि टीम में शामिल अधिकारियों ने पूछताछ की कि उनकी बेटी कब जहानाबाद आई थी और जहानाबाद से कब किस टाइम गई थी। वह कहीं रुकी थी या नहीं। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर पूछताछ किए जाने की सूचना है।



