पटना के जेपी गंगा पथ से हटेंगी दुकानें, जयपुर-इंदौर की तर्ज पर सजेगा बाजार
पटना के जेपी गंगा पथ पर पूर्व में लगाई गईं दुकानों को हटाकर उनकी जगह नई दुकानें लगाई जाएंगी। बताया जा रहा है कि राजधानी के इस लोकप्रिय स्थल पर जयपुर और इंदौर की तर्ज पर बाजार सजाया जाएगा।

बिहार की राजधानी पटना में जेपी गंगा पथ पर हाल में लगी प्री फैब्रिकेटेड दुकानें हटाई जाएंगी। अब यहां नई डिजाइन की दुकानें लगेंगी। खरमास बाद दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होनी थी। अब इस पूरी प्रक्रिया में मार्च-अप्रैल तक का समय लग सकता है। कई डिजाइन को लेकर पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा मंथन किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जयपुर और इंदौर की तर्ज पर अब दुकानों की नई डिजायन तैयार की जाएगी। हाल ही में इस क्षेत्र का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निरीक्षण किया था। इसके बाद मिले निर्देशों पर इन दुकानों की डिजाइन में बदलाव का निर्णय लिया जा रहा है।
दरअसल, जेपी गंगा पथ का इलाका शहर वासियों के सैर सपाटे का एक लोकप्रिय केंद्र बन गया है। यहां काफी संख्या में वेंडर दुकानें लगाते हैं। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की योजना इस इलाके की बेतरतीब व्यवस्था को दूर कर वेंडिंग जोन के रूप में विकसित करने की थी। इसी क्रम में पिछले कई माह से जेपी गंगा पथ के किनारे प्री फैब्रिकेटेड दुकानों को इंस्टॉल किया जा रहा था।
दुकानों को लगाने का काम अंतिम चरण में था। लगभग 300 दुकानों को इंस्टॉल कर लिया गया था। इन दुकानों पर बिहार की लोकसंस्कृति को भी उकेरा गया था। खरमास के बाद इसे आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू करनी थी। इसी बीच अब नए निर्णय से मामला कुछ दिनों से लंबित हो गया है।
बड़ा सवाल, इन दुकानों का क्या होगा:
अचानक से दुकानों की डिजाइन में बदलाव के बाद बड़ा सवाल यह है कि इन दुकानों का क्या होगा। इस बाबत अधिकारी विमर्श कर रहे हैं। संभव है इसका इस्तेमाल पटना में विकसित वेंडिंग जोन में किया जाए।
(रिपोर्ट- चंदन द्विवेदी)

लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें



