
गलतफहमी में हुआ टीचर शिवानी वर्मा का मर्डर; शिक्षक ने नहीं, दूसरी महिला ने सुपारी देकर मरवाया
अररिया जिले के नरपतगंज में स्कूल जा रही शिक्षिका शिवानी वर्मा की गोली मारकर हत्या गलतफहमी में हुई थी। हुस्न आरा नाम की महिला ने अपने पति से अवैध संबंध रखने वाली दूसरी शिक्षिका को मारने की सुपारी दी थी, शूटर ने शिवानी को मार दिया। पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार शिक्षक रंजीत वर्मा को छोड़ दिया है।
बिहार के अररिया जिले के नरपतगंज में हुए बीपीएससी शिक्षिका शिवानी वर्मा हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। शिवानी का मर्डर शिक्षक रंजीत कुमार वर्मा ने नहीं, बल्कि एक अन्य महिला ने गलतफहमी में करवा दिया। पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार शिक्षक रंजीत वर्मा को छोड़ दिया है। वहीं, इस केस की मुख्य आरोपी हुस्न आरा और दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि हुस्न आरा ने शूटरों को दूसरी शिक्षिका को मारने की सुपारी दी थी। मगर शूटरों ने गलतफहमी में स्कूल जा रही शिक्षिका शिवानी वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी।
अररिया के एसपी अंजनी कुमार ने शुक्रवार को कहा कि घटना की संवेदनशीलता एवं गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फारबिसगंज के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित की गई। एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटना के आसपास के क्षेत्र का तकनीकी एवं वैज्ञानिक विश्लेषण किया। फिर हत्याकांड में शामिल शूटर की पहचान की गई।
इसके बाद पुलिस ने फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रामपुर वार्ड संख्या एक के रहने वाले शूटर मो. मारूफ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्याकांड कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। घटना में शामिल दूसरे शूटर फारबिसगंज रेफरल रोड के मो. सोहेल को भी गिरफ्तार किया गया। इसके बाद हत्या की मुख्य साजिशकर्ता रामपुर की रहने वाली हुस्न आरा पति मो. साकिर को भी गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि इस केस में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
टीचर का पति से अवैध संबंध, बीवी ने 3 लाख में दी थी सुपारी
मुख्य साजिशकर्ता हुस्न आरा के पति का एक शिक्षिका के साथ अवैध संबंध था। उसने अपने पति की प्रेमिका को रास्ते से हटाने के लिए शूटरों को 3 लाख रुपये में सुपारी दी थी। जिस शिक्षिका की हत्या की सुपारी दी गई, वो वारदात वाले दिन (3 दिसंबर को) छुट्टी पर थी। महिला द्वारा शूटरों को जो हुलिया बताया गया वो शिवानी वर्मा से मिलता-जुलता था। इसी कंफ्यूजन में शूटर ने शिवानी को स्कूल जाते समय बीच सड़क गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
घर पहुंचे शिक्षक रंजीत वर्मा, पत्नी ने पुलिस को बोला- थैंक्यू
इस केस में पूर्व में गिरफ्तार किए गए शिक्षक रंजीत कुमार वर्मा को पुलिस ने शुक्रवार शाम छोड़ दिया। इसके बाद, परिजन ने राहत की सांस ली। रंजीत की पत्नी आकांक्षा वर्मा ने पुलिस को धन्यवाद कहते हुए कहा कि उनके पति शुरू से ही निर्दोष थे, सत्य की जीत हुई है। बता दें कि मृतका की बड़ी बहन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रंजीत को गिरफ्तार किया था।





