विधानसभा सत्र के बीच ही यूरोप चले गए तेजस्वी यादव? शिवानंद तिवारी बोले- मैदान छोड़ दिया
आरजेडी के वरीय नेता एवं पूर्व मंत्री शिवानंद तिवारी ने पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे पर एक बार फिर निशाना साधते हुए कहा कि तेजस्वी यादव बिहार विधानसभा के सत्र के बीच ही मैदान छोड़कर अपने परिवार के साथ यूरोप टूर पर चले गए हैं।
बिहार विधानसभा सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की गैरहाजिरी को लेकर सत्ता पक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री शिवानंद तिवारी ने दावा किया है कि तेजस्वी यादव विधानसभा सत्र के बीच ही परिवार के साथ विदेश यात्रा पर चले गए हैं। उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे पर एक बार फिर हमला बोलते हुए कहा कि तेजस्वी ने मैदान छोड़ दिया है, अगले 5 साल तक विरोधी दल के नेता की भूमिका निभाने की क्षमता उनमें नहीं है।
शिवानंद तिवारी ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान गैर हाजिर थे। कहा गया कि वे दिल्ली गए। उनकी पत्नी एवं बच्ची पहले ही दिल्ली चले गए थे। अब बताया जा रहा है कि तेजस्वी अपने परिवार के साथ यूरोप की यात्रा पर निकल गए हैं।
शिवानंद ने कहा कि बिहार में विरोध की राजनीति का पूरा मैदान ख़ाली है। नीतीश कुमार पांच वर्षों तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे, यह भी संदेह के घेरे में है। बिहार पर अपना झंडा फहराने का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का सपना पूरा होता दिखाई दे रहा है। इसके लिए जवाबदेह कौन है। केवल जदयू या उनके नेताओं को इसके लिए जिम्मेवार नहीं माना जा सकता। वह इस निष्कर्ष से सहमत नहीं हैं।
बता दें कि बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत और महागठबंधन की करारी हार के बाद राज्य में नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले दिनों नई सरकार का गठन किया गया। इसके बाद 1 दिसंबर से बिहार विधानसभा का सत्र बुलाया गया। पहले दिन नए विधायकों का शपथ ग्रहण और दूसरे दिन स्पीकर का चुनाव हुआ। दोनों दिन तेजस्वी यादव सदन में मौजूद रहे। इस दौरान उन्हें औपचारिक रूप से सदन का नेता प्रतिपक्ष भी घोषित किया गया।
हालांकि, विधानसभा सत्र के तीसरे दिन तेजस्वी यादव सदन में नहीं पहुंचे। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद आरिफ खान का बुधवार को अभिभाषण हुआ, उस समय वे गैर हाजिर रहे। इस पर जेडीयू और बीजेपी के विधायकों ने आरजेडी को घेरना शुरू कर दिया है। अब शिवानंद तिवारी द्वारा तेजस्वी के विदेश यात्रा पर जाने के दावे से सियासी पारा और गर्मा गया है।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो की रिपोर्ट के आधार पर)





