
बिहार के शमशूल की हैदराबाद में सिर फटने से मौत, छत्तीसगढ़ के मजदूरों से हुआ था झगड़ा
बिहार के सहरसा के रहने वाले मोहम्मद शमशूल की हैदराबाद में सिर फटने से मौत हो गई। उसका शव कमरे में मिला। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि शमशूल का छत्तीसगढ़ के मजदूरों से झगड़ा हुआ था।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में छत्तीसगढ़ के मजदूरों से झगड़ा होने के बाद बिहार के एक युवक की सिर फटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सहरसा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटुआहा भेडधरी निवासी 32 साल के मोहम्मद शमशूल के रूप में हुई है। शमशूल का शव गुरुवार सुबह सहरसा स्थित घर पहुंचने पर मातम पसर गया। वह हैदराबाद में रहकर मजदूरी करता था और अपने परिवार का पेट पाल रहा था। शमशूल वहां टाइल्स लगाने का काम करता था।

बताया जा रहा है कि शमशूल का शव हैदराबाद स्थित एक मकान में बीते 11 नवंबर की सुबह मिला था। उसके साथ काम कर साथियों के अनुसार शमशूल का कुछ दिनों पहले छत्तीसगढ़ के मजदूरों से विवाद हुआ था। हैदराबाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सिर पर चोट लगना बताई गई है। पुलिस ने स्थानीय थाने में हत्या का केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।
शमशूल के चार बेटियां हैं और उसकी बीवी अभी गर्भवती है। उसके साथ हैदराबाद में काम करने वाले मधेपुरा जिले के श्रीनगर निवासी मो सद्दाम ने बताया कि कुछ दिनों पहले छत्तीसगढ़ के मजदूरों से शमशूल का झगड़ा हुआ था। 10 नवंबर की रात को वह वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। इसके बाद सभी लोग सोने के लिए चले गए। सुबह कमरे में उसका शव मिला। फिर पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के परिजन ने इस मामले में उचित कार्रवाई करने के लिए तेलंगाना सरकार से गुहार लगाई है। शमशूल का शव घर पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोगों एवं रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई। हैदराबाद पुलिस ने फिलहाल इस केस में किसी की गिरफ्तारी नहीं की है।



