बिहार में भीषण गर्मी ढा रहा सितम; स्कूल, कोचिंग, आंगनबाड़ी के समय बदले, नया टाइमिंग जानें

Sudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान, भभुआ
share

आदेश के अनुसार, सभी प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पूर्वाह्न 10:30 बजे के बाद और जबकि सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा निजी कोचिंग संस्थानों में 11:30 बजे के बाद सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक रहेगी।

बिहार में भीषण गर्मी ढा रहा सितम; स्कूल, कोचिंग, आंगनबाड़ी के समय बदले, नया टाइमिंग जानें

Heatwave affects School Coaching Timing: बिहार में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान से जन जीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। गर्मी को देखते हुए भभुआ जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिला दंडाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने आदेश जारी कर जिले के सभी प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ कोचिंग संस्थानों के संचालन समय में बदलाव कर दिया है। यह आदेश 19 से 31 मई तक प्रभावी रहेगा।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में इन दिनों दोपहर के समय भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। डीएम ने इसे देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत विद्यालय में शिक्षण कार्य के समय में परिवर्तन करने का निर्णय लिया है।

आदेश के अनुसार, सभी प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पूर्वाह्न 10:30 बजे के बाद और जबकि सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा निजी कोचिंग संस्थानों में 11:30 बजे के बाद सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक रहेगी। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वह अपने स्तर से समय-सारिणी में बदलाव करते हुए कक्षाओं का संचालन पूर्व निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करें।

डीएम ने शिक्षा विभाग एवं आईसीडीएस के अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। साथ ही कहा गया है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बढ़ती गर्मी को देखते हुए अभिभावकों ने भी प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है।

सोमवार का दिन बिहार में इस सीजन का अभी तक का सबसे अधिक गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। गयाजी में सर्वाधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि अगले तीन चार दिनों तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी। सलाह दी गई है कि दिन के 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच यथा संभव किसी मकान के अंदर ही रहें। मौसम के बुरे प्रभाव खासकर लू से बचने के लिए तला, भूना, मसालेदार खाने से परहेज करें, शराब व अन्य नशीले पेय के सेवन से बचें तथा अधिक से अधिक पानी और शीतल पेय पदार्थों का सेवन करें। यथा संभव हल्के रंग के सूती कपड़ों का उपयोग करें।

(भभुआ से दीपक पांडेय)

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।