गोपालगंज को बेतिया से जोड़ने वाले जादोपुर-मंगलपुर महासेतु में 7 इंच की दरार, आवागमन बंद
गोपालगंज जिले को पश्चिमी चंपारण से जोड़ने वाले गंडक नदी पर बने जादोपुर-मंगलपुर पुल के पांचवें पिलर के समीप स्पैन में बड़ी दरार मिलने के बाद जिला प्रशासन ने फिलहाल भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है।

बिहार में बनी पुलों में गड़बड़ियां उजागर होने का सिलसिला नहीं थम रहा है। कुछ ही दिनों पहले भागलपुर जिले की विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा बिखर गया था। इसके बाद से इस सेतु पर परिचालन बाधित हो गया। अब गोपालगंज जिले को बेतिया से जोड़ने वाले गंडक नदी पर बने बेहद ही अहम जादोपुर-मंगलपुर महासेतु के दो खंभों के बीच (स्पैन) में गैप आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। जो वीडियो सामने आए हैं उनमें इस गैप को स्पष्ट तौर से देखा जा सकता है। फिलहाल प्रशासन ने इस पुल से भारी गाड़ियों के आवगमन पर रोक लगा दिया है।
गोपालगंज जिले को पश्चिमी चंपारण से जोड़ने वाले गंडक नदी पर बने जादोपुर-मंगलपुर पुल के पांचवें पिलर के समीप स्पैन में बड़ी दरार मिलने के बाद जिला प्रशासन ने फिलहाल भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है। हालांकि हल्के वाहनों का परिचालन जारी है। शनिवार को पुल की जांच करने पहुंचे डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि पुल के स्पैन में करीब 5 से 7 इंच की दरार हो गई है। भारी वाहनों के परिचालन से यह दरार और बढ़ सकती है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाएगी।
पुल का इतिहास
जानकारी के अनुसार, पुल निर्माण निगम ने गोपालगंज को बेतिया से जोड़ने के लिए वर्ष 2015 में गंडक नदी पर करीब 1.92 किलोमीटर लंबे जादोपुर-मंगलपुर पुल का निर्माण कराया था। इसके निर्माण पर लगभग 550 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। यह पुल गोपालगंज और पश्चिम चंपारण जिले के लोगों के लिए लाइफलाइन माना जाता है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस पुल से होकर गुजरते हैं। ऐसे में पुल के स्पैन में आई दरार ने यात्रियों और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है। उल्लेखनीय है कि इस पुल से गोपालगंज और बेतिया के बीच की दूरी करीब 110 किलोमीटर कम हो जाती है।
जांच की प्रक्रिया
सेतु के स्पैन में गैप आने की सूचना के बाद जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार सिन्हा, एसडीएम अनिल कुमार, जल संसाधन विभाग के अधिकारी सहित कई पदाधिकारी पहुंचे और पुल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने महासेतु की स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।गोपालगंज जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि मेगाब्रिज के स्पैन में गैप आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी रिपोर्ट पटना स्थित एनआईटी और आईआईटी की विशेषज्ञ टीम को भेजी गई है। जल्द ही विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर पुल का तकनीकी निरीक्षण करेगी और सुरक्षा को लेकर आवश्यक सुझाव देगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें


