बिहार के मंत्री अरुण शंकर के काफिले पर हमले में बड़ा ऐक्शन, मुख्य साजिशकर्ता सुनील सिंह समेत 7 आरोपी दबोचे गए

लाइव हिन्दुस्तान, विधि संवाददाता, मधुबनी
Follow us on Google News
share

Madhubani Minister Convoy Attack : बिहार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर मधुबनी में हुए हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता सुनील सिंह समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

बिहार के मंत्री अरुण शंकर के काफिले पर हमले में बड़ा ऐक्शन, मुख्य साजिशकर्ता सुनील सिंह समेत 7 आरोपी दबोचे गए

Madhubani Minister Convoy Attack : बिहार सरकार के श्रम संसाधन तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार की शाम मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र के ठाहर गांव में हुई इस वारदात के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस हिंसक हमले में शामिल कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सबसे बड़ी कामयाबी यह रही कि इस पूरे हमले के मुख्य साजिशकर्ता सुनील कुमार सिंह को भी पुलिस ने दबोच लिया है। वारदात के बाद खुद एसपी घटनास्थल पर पहुंचे थे और आरोपियों को पकड़ने के लिए एक हाई-लेवल विशेष टीम का गठन किया गया था।

शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे थे मंत्री

यह पूरी घटना उस समय हुई जब एक सड़क दुर्घटना में हुई स्थानीय व्यक्ति की मौत के बाद, क्षेत्रीय विधायक और बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पीड़ित परिवार को सांत्वना देने और उनसे मुलाकात करने ठाहर गांव गए थे। लेकिन वहां पहले से ही घात लगाए बैठे असामाजिक तत्वों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत मंत्री के काफिले को निशाना बना लिया। ग्रामीण महिलाओं और उपद्रवियों ने अचानक बांस-बल्ले, लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से पूरे काफिले पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। इस हिंसक पथराव में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के वाहन का शीशा पूरी तरह से चकनाचूर और क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, मौके पर मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों की सूझबूझ और बहादुरी के कारण मंत्री जी इस जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मंत्री ने सीधा आरोप लगाया कि यह हमला इलाके के सक्रिय शराब माफियाओं ने सोची-समझी रणनीति के तहत कराया है।

4 डीएसपी और 10 थानों की पुलिस ने रात भर की छापेमारी

खजौली के ठाहर गांव में सूबे के कैबिनेट मंत्री पर हुए इस हमले के बाद जिला प्रशासन ने स्थिति को बेहद गंभीरता से लिया। एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी विशेष जांच टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला। उपद्रवियों को पकड़ने के लिए बनाई गई इस स्पेशल टीम में 4 डीएसपी खुद शामिल थे और इलाके के 10 अलग-अलग थानों की पुलिस ने रात भर संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इसी कड़े एक्शन के कारण मुख्य साजिशकर्ता समेत 7 लोग पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। मिली जानकारी के अनुसार, वीडियो फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर घटना में शामिल अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी अब भी लगातार जारी है।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। वर्तमान में वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'हिन्दुस्तान' की बिहार टीम के लिए राजनीति, क्राइम और जनसरोकार से जुड़ी बड़ी खबरों को बेहद आक्रामकता और गहराई के साथ कवर कर रहे हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।