
14 नवंबर को दूसरी दीवाली, पर MGB नहीं मना पाएगा; चिराग बोले- NDA की उम्मीद से बड़ी जीत होगी
Bihar Chunav: चिराग पासवान ने कहा कि एनडीए को उम्मीद से बड़ी जीत मिलेगी। 14 नवम्बर को बिहार में दूसरी दिवाली है पर महागठबंधन के नेता इसे नहीं मना पाएंगे।
Bihar Election: लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत का दावा किया है। कहा है कि महागठबंधन कई सीटों पर एनडीए को वॉक ओवर दे रहा है। हमारी जीत उम्मीद से बड़ी होगी। 14 नवम्बर को बिहार में दूसरी दीवाली होगी पर महागठबंधन के नेता नहीं मना पाएंगे। अमित शाह ने भी दवा किया था कि 20 सालों के बहुमत का रिकॉर्ड तोड़कर एनडीए सरकार बनाएगी।

चिराग पासवान ने मीडिया से बात करते हुए दावा कि बिहार में एनडीए के पक्ष में एकतरफा माहौल है। राजग में शामिल सभी पांच दलों ने मिलकर जैसी स्थिति बना दी है उसे देखकर लगता है कि जितनी उम्मीद की गयी थी उससे बड़ी जीत मिलने जा रही है। हमने सीटों का बंटवारा, उम्मीदवारों का चयन समय से कर लिया और नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। दूसरी ओर महागठबंधन में अभी तक कुछ तय नहीं है। हालत यह है कि महागठबंधन ध्वस्त हो गया है। जो पांच-छह दलों को एक साथ नहीं रह सकते वे डायवर्सिटी वाले बिहार और बिहारी को एक साथ कैसे रख सकते हैं। यह सवाल आज जनता महागठबंधन के नेताओं से पूछ रही है। बिहार में कई जाति, धर्म और समुदाय के लोग रहते हैं।
चिराग पासवान ने सोमवार को पटना में कहा कि आज एक दिवाली है और 14 नवंबर को बिहार में एक और दिवाली मनाई जाएगी। लेकिन अफसोस हो रहा है कि महागठबंधन उस दिवाली को नहीं मना पाएगा। हमारे गठबंधन को जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है। हम लोग एक ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर हैं। एनडीए की बिहार में सरकार बनेगी और हमारी जीत उम्मीद से बड़ी होगी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार बिहार में दो चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहा है। पहले फेज में 6 नवम्बर को वोटिंग होगी जबकि दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होना है। 14 नवम्बर को मतो की गिनती होगी। 16 नवम्बर तक चुनाव की प्रकिया पूरी कर ली जाएगी।





