छपरा में स्कॉर्पियो का कहर, शादी से लौट रहे लोगों को कुचला; एक ही गांव के तीन की मौत

हिन्दुस्तान, राजीव, छपरा
Follow us on Google News
share

छपरा के दिघवारा में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ, जहाँ मानुपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में शादी समारोह से लौट रहे एक ही गांव के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य घायल है। सभी मृतक अवतारनगर के झौवां बसंत गांव के…

छपरा में स्कॉर्पियो का कहर, शादी से लौट रहे लोगों को कुचला; एक ही गांव के तीन की मौत

Bihar News: बिहार के सारण जिले में रविवार की देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने खुशियों भरे माहौल को गम में बदल दिया। दिघवारा थाना क्षेत्र के मानुपुर गांव के समीप एनएच पर एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक ही गांव के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक बुजुर्ग महिला और एक बुजुर्ग पुरुष भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है।

शादी के जश्न से लौटते वक्त हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, अवतारनगर थाना क्षेत्र के झौवां बसंत गांव के रहने वाले लोग एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात समारोह खत्म होने के बाद सभी लोग ऑटो से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चकनूर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार लोग सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान झौवां बसंत गांव निवासी 70 वर्षीय शंकर राम, 60 वर्षीया लालझड़ी देवी और 20 वर्षीय बृजमोहन मांझी के रूप में हुई है। वहीं, इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें बीरेंद्र मांझी और सुमित्रा देवी की हालत बेहद चिंताजनक है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है। अन्य दो घायल, लालमुनि देवी और रिया कुमारी का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है।

गांव में पसरा सन्नाटा

हादसे की खबर जैसे ही झौवां बसंत गांव पहुँची, वहाँ चीख-पुकार मच गई। शादी वाले घर में जहाँ उत्सव का माहौल था, वहाँ मातम पसर गया है। दिघवारा थाने की पुलिस ने मौके पर पहुँचकर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को चिह्नित करने और चालक की गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही बताई जा रही है।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। वर्तमान में वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'हिन्दुस्तान' की बिहार टीम के लिए राजनीति, क्राइम और जनसरोकार से जुड़ी बड़ी खबरों को बेहद आक्रामकता और गहराई के साथ कवर कर रहे हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।