स्कूलों में टीचर और स्टाफ का रील बनाना बैन, सरकार ने बच्चों के मौलिक अधिकार का हवाला दिया

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ के सोशल मीडिया रील शूट करने पर रोक लगा दी गई है। सरकार ने बच्चों के मौलिक अधिकारों का हवाला देकर कहा कि इससे उनकी निजता का हनन होता है। साथ ही पढ़ाई भी प्रभावित होती है।

bihar school teacher reel ban
बिहार के स्कूलों में शिक्षकों के रील बनाने पर लगी रोक (प्रतीकात्मक फोटो)

बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षक और स्टाफ के रील बनाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। शिक्षक अब स्कूल परिसर और क्लास के अंदर टीचर वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर अपलोड नहीं कर सकेंगे। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में बुधवार को सख्त निर्देश जारी किए। स्कूल में सोशल मीडिया के इस्तेमाल के लिए लिखित में अनुमति लेनी होगी। सरकार ने शिक्षकों के स्कूल के अंदर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर बनने की कोशिश करने पर भी आपत्ति जताई है। बच्चों की निजता और मौलिक अधिकारों का हवाला दिया गया है।

शिक्षा विभाग के प्रशासन निदेशक विजय कुमार पांडेय ने बुधवार को सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) को इस संबंध में निर्देश जारी किए। इसमें कहा गया कि विद्यालय परिसर में पढ़ाई के दौरान शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों के वीडियो बनाने और बच्चों के साथ रील शूट करने पर रोक लगा दी गई है। इस आदेश का उल्लंघन करने वाले टीचर और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सरकार ने मौलिक अधिकार का हवाला दिया

इस आदेश का सख्ती से पालन कराने की जिम्मेदारी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशकों और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को सौंपी गई है। विभाग ने कहा है कि शिक्षण कार्य के दौरान बच्चों के साथ रील बनाना और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करना उचित नहीं है। इससे बच्चों की निजता और जीवन के मौलिक अधिकार का उल्लंघन हो सकता है।

बच्चों की पढ़ाई होती है प्रभावित

विभाग का कहना है कि कई महिला टीचर समेत अन्य शिक्षक कक्षा में पढ़ाते समय रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करते हैं। शिक्षक और सरकारी कर्मचारी विद्यालय परिसर में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर बनने की कोशिश कर रहे हैं। सरकार ने इसे अनुचित बताया और कहा कि इससे ना केवल पढ़ाई प्रभावित होती है, बल्कि सरकारी कार्य के प्रति लापरवाही भी सामने आती है।

शिक्षकों के जींस-टीशर्ट पहनने पर लग चुकी है रोक

बीते शनिवार को ही शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के जींस-टीशर्ट जैसे परिधान पहनकर स्कूल आने पर रोक लगा दी थी। सरकार ने सभी शिक्षक और अन्य कर्मचारियों को फॉर्मल ड्रेस यानी औपचारिक परिधान में ही विद्यालय आने की अनुमति दी है। विभाग ने कहा कि जींस-टीशर्ट पहनकर स्कूल आने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में विभाग की ओर से सभी जिलों को निर्देश जारी किए गए थे।

सीके अनिल के एसीएस बनने के बाद बदलाव

सीनियर आईएएस अधिकारी सीके अनिल पिछले सप्ताह शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव बने हैं। उनके एसीएस बनने के बाद विभाग ने कई बदलाव किए हैं। सीके अनिल खासकर स्कूलों में तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों को लेकर सख्त रूख अपना रहे हैं। पहले जींस टीशर्ट पहनने पर रोक लगाई गई, अब रील शूट करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। आने वाले समय में ऐसे और भी आदेश शिक्षा विभाग से जारी हो सकते हैं।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsस्कूलों में टीचर और स्टाफ का रील बनाना बैन, सरकार ने मौलिक अधिकार का हवाला दिया