Sasaram News: रासायनिक खाद छोड़ प्राकृतिक खेती अपनाएंगी खनिता की 40 महिला किसान
Sasaram News: दिनारा, एक संवाददाता। अ अ अ अ अ अ अ अ अ अ अ अ अ

Sasaram News: दिनारा, एक संवाददाता। प्रखंड के खनिता गांव स्थित सामुदायिक भवन में गुरुवार को प्राकृतिक खेती को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गांव की 40 महिला किसानों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बीजामृत, घन जीवामृत और प्राकृतिक कीटनाशक तैयार करने के साथ खेतों में इनके सही इस्तेमाल की प्रायोगिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के बाद महिला किसानों ने रासायनिक खादों का इस्तेमाल छोड़ प्राकृतिक व जैविक तरीके से खेती करने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के लगातार और अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है। प्राकृतिक खेती अपनाने से किसानों की लागत कम होगी और मिट्टी की गुणवत्ता भी बनी रहेगी। साथ ही, इससे उत्पादित अनाज और सब्जियां स्वास्थ्य के लिए अधिक लाभकारी होंगी।
विशेषज्ञों की जानकारी
प्रखंड कृषि पदाधिकारी मनोज कुमार चौधरी, प्रखंड समन्वयक अरुण कुमार सिंह और प्रखंड तकनीकी प्रबंधक मिथिलेश कुमार ने किसानों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए प्राकृतिक खेती से होने वाले लाभों के बारे में बताया। साथ ही सरकार की ओर से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी गई। कार्यक्रम में रीपा कुमारी, मंजू देवी, गीता देवी, यशोदा कुमारी और लखमुना देवी समेत 40 महिला किसानों की सक्रिय भागीदारी रही। महिलाओं ने प्रशिक्षण में सीखी तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने और धीरे-धीरे रासायनिक खादों का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करने की बात कही।


