ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार सासारामभगवान भरोसे चल रहा है जिला कल्याण कार्यालय

भगवान भरोसे चल रहा है जिला कल्याण कार्यालय

जिला कल्याण कार्यालय अब भगवान भरोसे ही चल रहा है। पदाधिकारियों व कर्मियों की कमी से कार्यालय कार्य प्रभावित हो रहा है। जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। फिलहाल कल्याण कार्यालय में तीन सहायक हैं।...

भगवान भरोसे चल रहा है जिला कल्याण कार्यालय
सासाराम। हिन्दुस्तान संवाददाताMon, 29 Oct 2018 08:06 PM
ऐप पर पढ़ें

जिला कल्याण कार्यालय अब भगवान भरोसे ही चल रहा है। पदाधिकारियों व कर्मियों की कमी से कार्यालय कार्य प्रभावित हो रहा है। जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। फिलहाल कल्याण कार्यालय में तीन सहायक हैं। जिसमें एक प्रधान सहायक व दो सहायक के पद पर पोस्टिंग हुई है। लेकिन प्रधान सहायक अगले माह नवम्बर में सेवानिवृत हो जाएंगे। दो सहायकों को काम की जानकारी नहीं है। अनुसेवक से सहायक बने हैं। 

कल्याण कार्यालय के कर्मी होते हुए भी उन्हें विभागीय कार्य करने का गुण बताया जा रहा है। इसके बाद भी कोई प्रोग्रेस नहीं दिख रहा है। ऐसे में जिला कल्याण विभाग का कार्य प्रभावित हो रहा है। विजय कुमार नामक सहायक पिछले डेढ़ माह से फरार हैं। उस पर गबन का आरोप है। गबन के आरोपित विजय कुमार फरार नहीं होते तो, कुछ हद तक कार्यालय का कार्य होता। लेकिन वे बिना छुट्टी के फरार हो गए हैं। जिससे कल्याण कार्यालय में कार्य का बोझ बढ़ता जा रहा है। 

प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों की भी घोर कमी है। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी व सहायक स्वीकृत पद से काफी कम हैं। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला कल्याण कार्यालय में सात सहायकों के पद स्वीकृत हैं। लेकिन कार्यरत मात्र तीन हैं। उसमें भी उन कर्मियों को काम की जानकारी नहीं है। पदाधिकारियों के सिखाने के बाद भी कार्य में प्रगति नहीं दिख रही है। ऐसे में कल्याण कार्यालय का कामकाज भगवान भरोसे चल रहा है। बताया जाता है कि प्रखंड कल्याण पदाधिकारी का पद 19 है, लेकिन कार्यरत मात्र तीन हैं। एक प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के जिम्मे छह से सात प्रखंडों का प्रभार है। 

क्या कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में जिला कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि जिला कल्याण कार्यालय में कर्मियों व पदाधिकारियों की कमी है। जो पहले सहायक कार्यरत थे, उसमें से लगभग सभी का तबदला हो गया है। उनके जगह पर दो कर्मियों की पोस्टिंग हुई है। लेकिन कार्य की जानकारी नहीं है। प्रधान सहायक भी अगले माह सेवानिवृत हो जाएंगे। इसकी जानकारी विभाग को दी जा चुकी है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें