बौलिया में गला घोंटकर पिता ने की बेटी की हत्या
(पेज पांच की लीड) अ अ अ अ अ अ अ अ अ अ अ अ अ अ अ अ अ

नौहट्टा, एक संवाददाता।
थाना क्षेत्र के बौलिया गांव में संतोष कुमार ने अपनी बेटी विजय शक्ति (15 वर्ष) की गला दबाकर रविवार की शाम हत्या कर दी। मामले की एफआईआर सोमवार को मृतका की मां उर्मिला देवी ने दर्ज करायी है। जिसमें अपने पति को नामजद की है।
एफआईआर के अनुसार, संतोष बेरोजगार था। गरीबी के कारण मां-बेटी से अक्सर लड़ता था। बेटी की शादी व पढ़ाई को ले अक्सर झगड़े होते थे। शनिवार को पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। पत्नी उर्मिला देवी थाना पर गयी थी। शनिवार को थाना पर दोनों के बीच समझौता हुआ। रविवार को भी झगड़ा हुआ। गुस्सा में आकर सो रही अपनी बेटी को दिन में ही उसने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के समय उर्मिला घर के पास स्थित दुकान में सो रही थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गयी। शाम में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले पोस्टमार्टम कराया।
थानाध्यक्ष जीतेंद्र यादव ने बताया एफआईआर दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बताया कि संतोष के पिता बौलिया क्वायरी में काम करते थे। वह कंपनी क्वार्टर में रहता था। वह नौहट्टा थाना क्षेत्र के ही आनंदीचक गांव का मूल निवासी है। बौलिया क्वायरी बंद होने के बाद आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। यही कारण है कि उसने क्वार्टर का कराकट तक बेच दिया था। दो बेटियों में बड़ी ने लव मैरेज की थी। एक बची थी, जिसे मार दिया। घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों के अनुसार संतोष घर पर रहता था। मजदूरी भी नहीं करता था। दो साल पहले बौलिया पॉवर सब स्टेशन में गार्ड था। काम समाप्त होने पर नौकरी छूट गयी थी। छोटी दुकान की पति-पत्नी देखरेख करते थे। वह भी अच्छा नहीं चलता था।
