
इंजीनियर के वाहन से लैपटॉप, महंगी घड़ी व कैश की हुई चोरी
(पेज तीन) असामाजिक तत्वों ने कार की ओर इशारा करते हुए कहा कि मोबिल गिर रहा है। लेकिन, इंजीनियर के दोस्त ने कार नहीं रोकी और
सासाराम, हिन्दुस्तान संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के करगहर मोड़ के समीप असामाजिक तत्वों ने एक इंजीनियर के वाहन से दो लैपटॉप, सात महंगी घड़ियां व कैश की चोरी कर ली। इंजीनियर बंगलोर में कार्यरत हैं। वे वाराणसी से बंदे भारत एक्सप्रेस से सासाराम रेलवे स्टेशन पर उतरे थे व दोस्त के फॉर्चूनर कार से गांव लौट रहे थे। सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। बाद में बैग समेत लैपटॉप व मोबाइल बरामद किया गया। बताया जाता है कि इंजीनियर की कार स्टेशन से जैसे ही पोस्ट ऑफिस चौक पास पहुंची कि असामाजिक तत्वों ने कार की ओर इशारा करते हुए कहा कि मोबिल गिर रहा है।
लेकिन, इंजीनियर के दोस्त ने कार नहीं रोकी और चलाते रहे। कलेक्ट्रेट के सामने रौजा मोड़ के समीप दूसरे युवक द्वारा पुन: यही बात दुहरायी गयी। कचहरी पेट्रोल पंप के समीप तीसरे युवक द्वारा हाथ देकर कार को रोका गया। कहा कि कार से मोबिल गिरी है। इसके बाद इंजीनियर के दोस्त ने जैसे ही कार का शीशा नीचे किया कि अंदर केमिकल छिड़क दिया। जिससे इंजीनियर व उसके दोस्त को घुटन जैसी महसूस होने लगी। दोनों कार से उतर कर बोनट खोल रहे थे। तभी मौका पाकर असामाजिक तत्वों ने बैग में रखे दो लैपटॉप, मोबाइल, सात महंगी घड़ियां व करीब 35 हजार नकद लेकर फरार हो गए। बोनट गिराने के बाद दोनों दोस्त कार में बैठे तो देखा कि बैग गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। इंजीनियर खिलनगंज निवासी मृदुल राज व उनके दोस्त ने बताया कि कार में कहीं भी मोबिल नहीं गिर रहा था। सामग्री चोरी करने की नीयत से झूठ बोलकर कार को असामाजिक तत्वों ने रूकवाया। कहा घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद बैग में लैपटॉप व उसमें रखे एक मोबाइल को असामाजिक तत्वों द्वारा श्रीराम मॉल के सामने एक वाहन पर टांग दिया गया था। बताया कि मोबाइल पर कॉल किया गया तो एक वाहन सवार ने फोन उठाया। कहा कि पता नहीं यह किसका सामान है, जो उनके वाहन में टंगा है। बैग की जांच में सात घड़ियां व नकद गायब मिले। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजीव रंजन राय ने कई जगहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा। इस दौरान कार से बैग उतारते हुए चोर को देखा गया। लेकिन, चेहरा साफ नहीं दिखाई पड़ रहा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि अन्य सामग्रियों की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




