एडमिड कार्ड पर अपने फोटो की जगह कुत्ते का देख अभ्यर्थी हैरान (संशोधित)
बिक्रमगंज, रोहतास जिले में रितेश कुमार ने 2022 में चपरासी पद के लिए आवेदन किया था। जब उसने एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो उसकी तस्वीर के बजाय कुत्ते की तस्वीर लगाई गई। सभी अन्य जानकारियां सही थीं। रितेश ने चयन समिति से शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

वर्ष 2022 में सिविल कोर्ट में चपरासी पद के लिए रितेश ने किया था आवेदन तस्वीर को छोड़कर एडमिट कार्ड में दी गई सभी जानकारियां पाई गई है सही बिक्रमगंज, निज संवाददाता। रोहतास जिले से चौकाने वाला मामला सामने आया है। मामला बिक्रमगंज अनुमंडल के धावा दुर्गाडीह गांव का बताया जाता है। यहां के एक अभ्यर्थी रितेश कुमार के एडमिट कार्ड में उसकी तस्वीर की जगह कुत्ते की तस्वीर लगा दी गई है। जिसका फोटो भी तेजी से वायरल है। मामला सामने आने के बाद अभ्यर्थी परेशान नजर आ रहा है। सबसे आश्चर्य की बात यह है कि परीक्षा देने वाले लड़के के एडमिट कार्ड में तस्वीर को छोड़कर अन्य जानकारियां सही है।
बताया कि उसकी तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गई और कुत्ते की फोटो लगा दी गई। अभ्यर्थी ने बताया कि उसने इसकी शिकायत चयन समिति से मेल के साथ टॉल फ्री नंबर पर भी की है। लेकिन, अब तक कोई कार्रवाई हुई है या नहीं, इसकी उसे जानकारी नहीं है। बताया जाता है कि वर्ष 2022 में सिविल कोर्ट में चपरासी पद के लिए आवेदन किया था। लंबे इंतजार के बाद वर्ष 2026 में इस भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किया गया। लेकिन, जब अभ्यर्थी रितेश कुमार ने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो उसमें अजीबोगरीब गलती सामने आई। अपने एडमिट कार्ड पर जब उसने फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर देखी तो वह आश्चर्यचकित रह गया। एडमिट कार्ड में उसका नाम और पिता का नाम के साथ अन्य जानकारियां सही थी। यह देखकर अभ्यर्थी काफी हैरान है। इसके बाद उन्होंने तुरंत एडमिट कार्ड की दोबारा जांच की। लेकिन उसमें वही तस्वीर दिखाई दे रही थी। घटना के बाद अभ्यर्थी के बीच असमंजस और चिंता बढ़ गई। हालांकि वायरल एडमिट कार्ड की हिन्दुस्तान पुष्टि नहीं करता है। विदित हो कि परीक्षा में चार दिन शेष रह गए हैं। वहीं अभ्यर्थी का परीक्षा केंद्र एकलव्य सेंट्रल स्कूल सहरसा में बताया गया है। इस बावत एसडीएम प्रभात कुमार ने बताया कि हमारे पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। सोशल मीडिया से पता चला है कि ऐसा मामला सामने आया है। फिर भी यदि ऐसा मामला सही मायने में उजागर हुआ होगा तो ऐसी लापरवाही नहीं होना चाहिए। इसकी जांच कर दोषी पर कार्रवाई होनी चाहिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


