अधिनायक लिपिक लिखित परीक्षा में 4419 अभ्यर्थी शामिल, नकल के आरोप में दो निष्कासित
(युवा पेज की लीड)आरोप में दो अभ्यर्थियों को परीक्षा से निष्कासित किया गया। बताया जाता है कि परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक

सासाराम, एक संवाददाता। बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग के तहत अधिनायक लिपिक पद पर नियुक्ति के लिए बुधवार को जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 9360 अभ्यर्थियों में से 4419 शामिल हुए, जबकि 4941 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। नकल के आरोप में दो अभ्यर्थियों को परीक्षा से निष्कासित किया गया। बताया जाता है कि परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को केवल फोटोयुक्त पहचान पत्र, प्रवेश पत्र, कलम और पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति थी। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए थे। प्रत्येक केंद्र पर ऑब्जर्वर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में आम लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई थी।
शेरशाह कॉलेज में दो अभ्यर्थी निष्कासित
प्रशासन के अनुसार, शेरशाह कॉलेज सासाराम में परीक्षा के दौरान आपस में नकल करते पाए जाने पर दो अभ्यर्थियों को निष्कासित कर दिया गया। निष्कासित अभ्यर्थियों में अर्जुन सिंह पिता राम बच्चन सिंह एवं अर्जुन सिंह यादव पिता राम सेवंस सिंह यादव शामिल हैं।
दो चरणों में की गई जांच
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की दो चरणों में सघन जांच की गई। पहले चरण में मुख्य प्रवेश द्वार तथा दूसरे चरण में परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व तलाशी ली गई। अधिकारियों के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
भीषण गर्मी का परीक्षार्थियों की उपस्थिति पर दिखा असर
जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और उमस का असर परीक्षा में उपस्थिति पर भी देखने को मिला। कुल 9360 अभ्यर्थियों में से मात्र 4419 ही परीक्षा में शामिल हो सके। कई केंद्रों पर अनुपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या उपस्थित अभ्यर्थियों से अधिक रही। बताया जाता है कि एसपी जैन कॉलेज सासाराम में 840 अभ्यर्थियों में 407 उपस्थित व 433 अनुपस्थित, शेरशाह कॉलेज में 816 अभ्यर्थियों में 403 उपस्थित व 413 अनुपस्थित,शेरशाह सूरी इंटर स्तरीय विद्यालय में 720 अभ्यर्थियों में 337 उपस्थित व 338 अनुपस्थित, श्री शंकर उच्च माध्यमिक विद्यालय में 624 अभ्यर्थियों में 269 उपस्थित व 355 अनुपस्थित, उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय रामेश्वरगंज में 600 अभ्यर्थियों में 281 उपस्थित व 319 अनुपस्थित, बुद्धा मिशन स्कूल में 600 अभ्यर्थियों में 285 उपस्थित व 315 अनुपस्थित, प्रज्ञा निकेतन पब्लिक स्कूल बेदा में 600 अभ्यर्थियों में 252 उपस्थित व 346 अनुपस्थित, अवधूत भगवान राम कॉलेज में 600 अभ्यर्थियों में 272 उपस्थित व 329 अनुपस्थित, राम जैन बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में 552 अभ्यर्थियों में 264 उपस्थित व 288 अनुपस्थित, श्री शंकर कॉलेज तकिया में 504 अभ्यर्थियों में 231 उपस्थित व 274 अनुपस्थित, स्कॉटिश सेंट्रल स्कूल लालगंज में 504 अभ्यर्थियों में 238 उपस्थित व 266 अनुपस्थित, बाल विकास विद्यालय में 504 अभ्यर्थियों में 222 उपस्थित व 282 अनुपस्थित, रोहतास महिला महाविद्यालय में 432 अभ्यर्थियों में 242 उपस्थित व 208 अनुपस्थित, उच्च माध्यमिक विद्यालय चौखंडी पथ में 384 अभ्यर्थियों में 196 उपस्थित व 188 अनुपस्थित, जीएस रेजिडेंशियल स्कूल में 384 अभ्यर्थियों में 181 उपस्थित व 203 अनुपस्थित, स्वामी शिवानंद जी तीर्थ कॉलेज में 384 अभ्यर्थियों में 201 उपस्थित व 183 अनुपस्थित, उत्क्रमित हाईस्कूल बेलहरी में 312 परीक्षार्थियों में 155 उपस्थित व 157 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए।
कहते हैं अधिकारी
जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि अधिनायक लिपिक पद की लिखित परीक्षा जिले के सभी 17 केंद्रों पर शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई गई। उन्होंने बताया कि शेरशाह महाविद्यालय में नकल के आरोप में दो अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें परीक्षा से निष्कासित किया गया।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


