बिहार में कल से फिर शुरू होगा बालू खनन, कितने घाटों से पीले और उजले बालू का होगा उठाव
बिहार में कल से बालू खनन शुरू हो जाएगा। इससे निर्माण कार्यों में तेज आएगी। खान एवं भूतत्व विभाग के मुताबिक, 15 जून 2026 से बालू खनन पर रोक लगने के बाद पिछले चार महीनों के दौरान अनीलामित 10 बालूघाटों की निविदा प्रक्रिया भी पूरी की गई है।

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना। बिहार में चार महीने के बाद 16 अक्टूबर यानी कल से पुन: बालू खनन की शुरुआत होगी। पहले चरण में 212 घाटों से बालू खनन और उठाव होगा। इनमें पीले बालू के 181 और उजले बालू के 31 घाट शामिल हैं। विभाग के मुताबिक, मानसून अवधि के बाद पुन: खनन शुरू होने से बालू की उपलब्धता बढ़ेगी। साथ ही निर्माण गतिविधियों को गति मिलेगी। खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ प्रमोद कुमार ने कहा कि खनन कार्य पर्यावरणीय मानकों एवं निर्धारित सरकारी नियमों के अनुपालन के साथ संचालित किया जाएगा।
बिहार में हर साल बारिश के मौसम में 15 जून से 15 अक्टूबर तक नदियों में खनन पर पूरी तरह से रोक रहती है। खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री, डॉ प्रमोद कुमार ने कहा कि बालू खनन की शुरुआत तथा नए नीलामित घाटों से आपूर्ति बढ़ने की उम्मीद है। इससे निर्माण क्षेत्र की गतिविधियों, रोजगार सृजन को प्रोत्साहन मिल सकता है। विभाग का लक्ष्य वैध खनन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
76 करोड़ अतिरिक्त राजस्व मिलेगा
खान एवं भूतत्व विभाग के मुताबिक, 15 जून 2026 से बालू खनन पर रोक लगने के बाद पिछले चार महीनों के दौरान अनीलामित 10 बालूघाटों की निविदा प्रक्रिया पूरी की गई है। इनमें से नौ बालूघाटों पर मार्च 2027 से खनन शुरू होने की संभावना है।इनसे सरकार को लगभग 76 करोड़ रुपये के राजस्व की प्राप्ति होने का अनुमान है।
राजस्व संग्रह में 41.48 प्रतिशत की वृद्धि
विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में राजस्व संग्रह के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। सितंबर 2026 तक विभाग को 1,220.53 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 की समान अवधि में यह राशि 862.64 करोड़ रुपये थी। इस प्रकार राजस्व संग्रह में 357.89 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 41.48 प्रतिशत अधिक है।

