बिहार में सम्राट-निशांत मॉडल की चर्चा हो रही है, स्वास्थ्य मंत्री के 100 दिन पर बोले जेडीयू के नेता
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के 100 दिनों का कार्यकाल पूरा होने पर जेडीयू ने उनके कामों की तारीफ की है। जेडीयू नेताओं ने कहा कि बिहार में सम्राट-निशांत मॉडल की चर्चा हो रही है।
नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने दावा किया है कि बिहार में सम्राट-निशांत मॉडल की चर्चा हो रही है। सम्राट सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपने 100 दिनों के कार्यकाल में कई क्रांतिकारी फैसले लिए। इसमें मरीजों के रेफर करने पर रोक और अस्पताल डॉक्टरों की कमी जैसे फैसले अहम हैं। जेडीयू की ओर से गुरुवार को मीडिया से बातचीत में यह बात कही गई।
जेडीयू एमएलसी एवं पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का 104 दिनों का कार्यकाल पूरा हो गया है। सूबे में अब सम्राट-नीतीश मॉडल की चर्चा होने लगी हैं। निशांत ने इस दौरान मरीजों के हित में कई फैसले लिए। उन्होंने अनावश्यक तौर पर मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की प्रथा को खत्म कर दिया। ऐसा करने वाले डॉक्टरों पर कार्रवाई का फैसला लिया गया।
जेडीयू की प्रदेश प्रवक्ता अनुप्रिया यादव एवं चंदन कुमार सिंह ने कहा कि निशांत ने 8 मई 2026 को स्वास्थ्य मंत्री का पद संभाला था। तब से अब तक वह जनता के हित में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निशांत ने स्वास्थ्य विभाग को मरीजों के प्रति और जवाबदेह बनाया है। अस्पतालों में डॉक्टरों एवं अन्य कर्मचारियों की कमी को लेकर अहम कदम उठाए गए हैं।
नीरज कुमार ने कहा कि बिहार के मेडिकल कॉलेजों को पीपीपी मॉडल के तहत विकसित किए जाने का फैसला लिया गया है। इस मॉडल से विकसित होने से अस्पतालों में संसाधन बढ़ेंगे। मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि सम्राट और निशांत की जोड़ी स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पटकथा लिख रही है। तमाम योजनाओ को जमीन पर उतारा जा रहा है। जेडीयू नेता ने दावा किया कि नीतीश कुमार के मॉडल पर ही सम्राट और निशांत काम कर रहे हैं।
नीतीश के सीएम पद छोड़ने पर पॉलिटिक्स में आए निशांत
बीते मार्च महीने में जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर केंद्रीय राजनीति में जाने की घोषणा की थी। इसके बाद पार्टी नेताओं की मांग पर उनके बेटे निशांत कुमार को राजनीति में लाया गया। जेडीयू की सदस्यता लेने के बाद निशांत ने कई दिनों तक पार्टी के क्रियाकलापों को बारीकी से समझा।
फिर अप्रैल 2026 में जब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई एनडीए सरकार का गठन हुआ, तो उन्हें डिप्टी सीएम बनाने का प्रस्ताव दिया गया था। हालांकि, निशांत ने उस समय उपमुख्यमंत्री बनने से इनकार कर दिया था। इसके बाद मई महीने में हुए सम्राट कैबिनेट के विस्तार में निशांत को स्वास्थ्य मंत्री बनाकर सरकार में शामिल किया गया। 46 वर्षीय निशांत अपने पिता के सीएम पद पर रहते सक्रिय राजनीति से दूर थे। नीतीश ने लगभग दो दशकों तक बिहार की सत्ता की कमान संभाली थी, अभी वह राज्यसभा सांसद हैं।

