श्रीकृष्णपुरी में डमडम तो कंकड़बाग में सिपारा, पटना में 6 नए पार्क बनेंगे

हिन्दुस्तान, प्रधान संवाददाता, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार सरकार ने पटना में 6 पार्क बनाने का फैसला किया है। इन पार्को में पेयजल की सुविधा, शौचालय, गार्डेन, फव्वारा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पाथ-वे और बैठने की सुविधा होगी। तालाब में सीढ़ियों का निर्माण भी किया जाएगा।

Park in patna (Representative Image)
पटना में छह पार्क बनेंगे।

पटना शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और स्थानीय लोगों के लिए छह पार्क का निर्माण करने की योजना बनायी गई है। पुराने तालाबों और पार्कों का जीर्णोद्धार और नए पार्कों का निर्माण किया जाना है। इन स्थलों पर हरियाली, मनोरंजन, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध हो सकें। नगर निगम 11.57 करोड़ से पार्क सह तालाब का निर्माण और जीर्णोद्धार करेगा। दो पार्कों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।

इन पार्को में पेयजल की सुविधा, शौचालय, गार्डेन, फव्वारा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पाथ-वे और बैठने की सुविधा होगी। तालाब में सीढ़ियों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को छठ पूजा सहित अन्य धार्मिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इसके अतिरिक्त पार्क में स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, टिकट काउंटर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सुरक्षा एवं बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए हाई मास्ट लाइट भी लगाए जाएंगे।

पार्क के विकास से इस क्षेत्र के नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं को मनोरंजन, खेल एवं फिटनेस के लिए एक आधुनिक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा। पाटलिपुत्र प्रमंडल के वार्ड संख्या-8 स्थित सीआईडी कॉलोनी में सूर्य मंदिर के समीप तालाब सह पार्क 3364 वर्ग मीटर में बनेगा। 1.71 करोड़ की परियोजना के तहत क्षेत्र को आकर्षक एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। परियोजना को स्वीकृति प्राप्त होने के बाद कार्यान्वित किया जाएगा।

जनता फ्लैट के पार्क का होगा जीर्णोद्धार

वार्ड 46 स्थित जनता फ्लैट परिसर में स्थित पार्क का भी जीर्णोद्धार किया जा रहा है। करीब 46 लाख से पार्क को अधिक सुविधायुक्त एवं आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। परियोजना के तहत बाउंड्री वॉल, टहलने के लिए रैंप एवं पेवर्स ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। दूसरी तरफ बांकीपुर अंचल के वार्ड संख्या-43 में राजेंद्र नगर रोड संख्या-5 में शाखा मैदान के समीप एक नए पार्क का निर्माण किया जाएगा। लगभग 1.50 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना के लिए नगर निगम द्वारा निविदा प्रकाशित की गई है। पार्क में ओपन जिम, सेल्फी प्वॉइंट, फव्वारा, हाई मास्ट लाइट, सब्मर्सिबल बोरिंग, हरा—भरा लॉन, बैठने के लिए बेंच, झूले एवं शेड जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

श्रीकृष्णपुरी में डमडम तो कंकड़बाग में बनेगा सिपारा पार्क

नूतन राजधानी अंचल के श्रीकृष्णपुरी में स्थित डमडम पार्क का भी व्यापक स्तर पर विकास किया जा रहा है। लगभग 60 हजार वर्गफीट क्षेत्र में प्रस्तावित इस परियोजना पर करीब 2.45 करोड़ की लागत आएगी। परियोजना के तहत पार्क में आकर्षक लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा एवं पाथवे सहित नागरिकों के लिए अन्य सुविधाएं विकसित की जाएगी। वहीं कंकड़बाग में वार्ड संख्या-30 में मीठापुर स्थित कृषि निदेशालय के समीप लगभग 14,717 वर्गमीटर क्षेत्रफल में सिपारा पार्क का निर्माण किया जाएगा। परियोजना पर करीब 3.97 करोड़ खर्च किए जाएंगे। परियोजना के लिए पटना नगर निगम द्वारा निविदा भी प्रकाशित कर दी गई है। चिल्ड्रेन प्ले एरिया, ओपन जिम, रंगीन लाइटों से सुसज्जित फव्वारा, गजेबो, बैठने की व्यवस्था, सेल्फी प्वॉइंट, गार्डेन, पेंटिंग एवं आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था होगी।

कच्ची तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य पूरा

नूतन राजधानी अंचल में स्थित कच्ची तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य पटना नगर निगम द्वारा लगभग पूरा कर लिया गया है। लगभग 1.48 करोड़ से तालाब को स्वच्छ, सुरक्षित एवं उपयोगी स्वरूप प्रदान किया गया है। जीर्णोद्धार के तहत तालाब की पूर्ण डिवाटरिंग कर गाद एवं गंदगी की डीप क्लीनिंग की गई। इसके बाद तालाब के बेस को मजबूत एवं व्यवस्थित करने के लिए ग्रैवेल, सैंड फिलिंग एवं स्टोन बोल्डर बिछाकर बेस तैयार किया गया है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsश्रीकृष्णपुरी में डमडम तो कंकड़बाग में सिपारा, पटना में 6 नए पार्क बनेंगे