सरकार ने बेउर में पकड़ी भारी गड़बड़ी, जेल सुपरिटेंडेंट नीरज झा समेत कई अफसर सस्पेंड
Beur Jail: बिहार के प्रमुख कारागार बेउर जेल के प्रशासन और संचालन में भारी गड़बड़ी मिलने के बाद सरकार ने जेल अधीक्षक नीरज झा समेत कई अफसरों को सस्पेंड कर दिया है।

Beur Jail: सम्राट चौधरी सरकार ने बिहार के प्रमुख केंद्रीय कारागार बेउर जेल के प्रबंधन और प्रशासन में अनियमितता मिलने के बाद जेल अधीक्षक नीरज कुमार झा समेत कई अफसरों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। मंगलवार को गृह विभाग के तहत संचालित कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय ने बेउर जेल में विभिन्न अनियमितताओं के आधार पर कारा अधीक्षक नीरज को निलंबित किया है। जेल सुपरिटेंडेंट के अलावा एक कारा उपाधीक्षक, चार सहायक अधीक्षक और दो हवलदार को भी इसी मामले में सस्पेंड किया गया है। दो प्रोग्रामर की सेवा भी वापस कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार सरकार के निर्देश पर कारा मुख्यालय ने यह कारवाई की है। जेल डीआईजी राजीव कुमार को फिलहाल बेउर जेल का प्रभार दिया गया है।
जेल विभाग और जिला प्रशासन ने 20 जून को बेउर जेल में छापा मारा था, जिस दौरान भ्रष्टाचार के कई सबूत मिले थे। रेड के दौरान जांच टीम को खान-पान से लेकर कैदियों को वार्ड में रखने तक की व्यवस्था में कई गड़बड़ी मिली थी। छापामारी के दौरान एक समय तो जेल प्रशासन के अफसर जांच टीम को कैदियों के बीच में छोड़कर निकल गए थे। जांच में पता चला कि जेल की कैंटीन में निर्धारित कीमत से ज्यादा दाम पर सामान बेचा जाता है। यह भी पता चला कि जेल स्टाफ द्वारा कैदियों को मनचाही चीज बाहर से मंगवाकर ऊंची कीमत पर मुहैया कराई जाती थी। कुख्यात अपराधियों के साथ युवा कैदियों को बंद रखने को भी जांच टीम ने गंभीरता से लिया है। बड़े क्रिमिनल के हाथों कुछ नौजवान शोषण का शिकार हो रहे थे।
बेउर जेल के अंदर अवैध रूप से मेस भी चलाया जा रहा था, जिसे जांच टीम ने पकड़ा लिया। छापे के दौरान ही कई कैदी हीटर पर खाना बनाते पकड़े गए, जबकि जेल में इस तरह की सुविधा अवैध है। जेल कैंटीन के खाद्यान के स्टॉक रजिस्टर में भी गड़बड़ी मिली है। कैंटीन के खाने की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया गया है। सरकार ने सस्पेंड अधिकारियों की जगह पर सुधीर शर्मा को सहायक उपाधीक्षक, ज्योति कुमारी, राजीव रंजन और प्रियतम प्रियदर्शी को सहायक अधीक्षक के पद पर आज से ही तैनात कर दिया है। सबको आज ही ड्यूटी ज्वाइन करने कहा गया है। बेउर जेल के सारे निलंबित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू करने का भी आदेश दिया गया है।


