सम्राट चौधरी और तेजस्वी यादव में हुई गुफ्तगू, नेता प्रतिपक्ष बोले- हम लोग एक ही दल में थे

Jayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मुलाकात हुई। दोनों के बीच कुछ देर के लिए बातचीत भी हुई। विधान परिषद में एमएलसी के शपथ ग्रहण समारोह में दोनों नेता साथ नजर आए।

सम्राट चौधरी और तेजस्वी यादव में हुई गुफ्तगू, नेता प्रतिपक्ष बोले- हम लोग एक ही दल में थे

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच हुई गुफ्तगू सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। बिहार विधान परिषद में नवनिर्वाचित एमएलसी के शपथ ग्रहण समारोह में दोनों नेताओं की मुलाकात हुई। इस दौरान सम्राट और तेजस्वी ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया। दोनों नेताओं के बीच चंद सेकंड की छोटी सी बातचीत भी हुई। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी से जब इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि हम लोग एक ही दल में थे।

बिहार विधान परिषद में गुरुवार को भोजपुर बक्सर स्थानीय प्राधिकार सीट पर उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले आरजेडी एमएलसी सोनू कुमार राय का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सोनू राय को शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे।

मंच पर सभापति के एक तरफ सीएम सम्राट और दूसरी तरफ तेजस्वी सीट पर बैठे। कार्यक्रम के दौरान सीएम और नेता प्रतिपक्ष के बीच गुफ्तगू हुई। दोनों ने गर्मजोशी से एक-दूसरे से हाथ मिलाया। कार्यक्रम की समाप्ति पर तेजस्वी ने सीएम को हाथ जोड़कर नमस्ते भी किया।

कार्यक्रम खत्म होने के बाद पत्रकारों ने जब तेजस्वी यादव से पूछा कि उनकी सीएम सम्राट चौधरी से क्या बात हुई, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा- हम लोग एक ही दल में थे ना।

सोनू राय ने जेडीयू को हराकर छीनी सीट

एमएलसी पद की शपथ लेने वाले सोनू राय पूर्व आरजेडी एमएलसी लालदास राय के बेटे हैं। उन्होंने जेडीयू प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को हरा दिया। कन्हैया जेडीयू विधायक राधाचरण साह के बेटे हैं। राधाचरण ने विधायक बनने के बाद एमएलसी सीट खाली कर दी थी, जिस पर चुनाव हुआ। आरजेडी ने एनडीए से यह सीट छीन ली।

सम्राट सरकार पर हमलावर तेजस्वी

दरअसल, सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी आरजेडी एनडीए सरकार के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाए हुए है। सम्राट के सीएम बनने के बाद नेता प्रतिपक्ष ने बिहार में अपराध बढ़ने का दावा किया। वह सम्राट सरकार जाति देखकर अपराधियों का एनकाउंटर करने का आरोप भी लगा चुके हैं।

इस बीच सम्राट और तेजस्वी के बीच गर्मजोशी से मुलाकात और बातचीत की तस्वीर पर सियासत गर्म है। बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भारतीय जनता पार्टी में आने से पहले लंबे समय तक आरजेडी में रहे थे। वह तेजस्वी की मां राबड़ी देवी की सरकार में मंत्री भी रहे थे।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।