खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन हाइवे को केंद्र की मंजूरी; मोदी को सम्राट ने थैंक्यू कहा

Nishant Nandan हिन्दुस्तान, पटना
share

केंद्र सरकार ने बिहार को बड़ा तोहफा दिया है। नरेंद्र मोदी सरकार ने खगड़िया-पूर्णिया नेशनल हाईवे को फोरलेन बनाने के लिए हरी झंडी दे दी है। केंद्र सरकार के इस फैसले के बाद सीएम सम्राट चौधरी ने पीएम नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया है। 

खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन हाइवे को केंद्र की मंजूरी; मोदी को सम्राट ने थैंक्यू कहा

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बिहार को बड़ा तोहफा दिया है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अहम खगड़िया-पूर्णिया नेशनल हाईवे को लेकर बड़ा फैसला लिया है। केद्रीय कैबिनेट के इस फैसले से बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी गदगद नजर आए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को थैंक्यू कहा है। दरअसल केंद्रीय कैबिनेट ने खगड़िया-पूर्णिया राष्ट्रीय राजमार्ग को चार-लेन में विकसित करने के प्रस्ताव को बुधवार को मंजूरी दी है। एनएच-31 और राष्ट्रीय एनएच-231 के अंतर्गत आने वाले इस खंड को बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर यानी बीओटी (टोल) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। 143.52 किलोमीटर की लंबाई वाले इस हिस्से के चौड़ीकरण पर 3,936.05 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परियोजना की मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया है।

रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस राजमार्ग के फोरलेन में तब्दील होने से खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया जिलों को सीधा फायदा होगा। वर्तमान में इन क्षेत्रों में चालकों को सड़कों की जर्जर स्थिति, खतरनाक तीखे मोड़ों और शहरी इलाकों में जाम का सामना करना पड़ता है। सरकार का दावा है कि फोरलेन होने से इस रूट पर वाहनों की औसत गति में सुधार होगा, जिससे यात्रियों का सफर समय लगभग दो घंटे कम हो जाएगा। यह उन्नत गलियारा-5 पीएम गतिशक्ति आर्थिक केंद्रों और क्षेत्र के 11 लॉजिस्टिक केंद्रों के साथ जुड़ेगा। इन 11 केंद्रों में चार प्रमुख रेलवे स्टेशन, एक हवाई अड्डा, चार राष्ट्रीय राजमार्ग व दो एसएच शामिल हैं।

बिहार से पूर्वोतर राज्यों में आवागमन सुगम होगा

खगड़िया-पूर्णिया खंड के फोरलेन बनने से सीमांचल एवं कोसी क्षेत्र की संपर्कता सुदृढ़ होगी। साथ ही बिहार से पूर्वोतर राज्यों में आना-जाना सुगम होगा। एनएच 31 छपरा से शुरू होकर हाजीपुर, पटना, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया और कटिहार होते हुए पूर्णिया तक जाता है। पटना-रांची एनएच भी इससे जुड़ा है। परियोजना के तहत पूर्णिया शहर को जाम से बचाने के लिए 6.729 किलोमीटर लंबा नया बाईपास भी बनेगा। पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने कहा कि इससे शहर के भीतर यातायात का दवाब कम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एनएच -31 व एनएच-231 के खगड़िया-पूर्णिया सेक्शन को 4-लेन में अपग्रेड करने को मंजूरी दी गई है। इससे पूरे बिहार, विशेषकर खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया के लोगों को बहुत लाभ होगा। यहां के चौतरफा विकास को भी नई गति मिलेगी।

सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को कहा थैंक्यू

सीएम सम्राट चौधरी ने खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन को मंजूरी मिलने के बाद पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार को लगातार बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिल रही है। केंद्र सरकार राज्य में सड़क, रेल और अन्य आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से बिहार में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हुई हैं और कई योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।