BJP-JDU का तनाव खत्म? MLC चुनाव की समीक्षा से पहले नीतीश से सम्राट की केमिस्ट्री दिखी

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

दिल्ली से लौटते ही सम्राट चौधरी पटना में नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचे। जेडीयू की गुरुवार को होने वाली अहम बैठक से पहले नीतीश और सम्राट की गर्मजोशी से मुलाकात की तस्वीर आई है। बिहार एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर भाजपा और जेडीयू में उपजा तनाव इससे थमता नजर आ रहा है।

samrat choudhary nitish kumar chemistry bjp jdu chemistry
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की

बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड में गहराए विवाद के बीच जेडीयू ने गुरुवार को अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में एमएलसी चुनाव के परिणाम की समीक्षा की जाएगी। इस बैठक से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। दोनों की गर्मजोशी से मुलाकात की तस्वीरें आई हैं। नीतीश, सम्राट के कंधों पर हाथ रखे नजर आ रहे हैं। दोनों की केमिस्ट्री सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को दिल्ली दौरे से पटना लौटने के बाद पूर्व सीएम नीतीश कुमार के आवास पहुंचे। करीब 20 मिनट तक वे नीतीश के आवास पर रहे। फिर मीडिया से सम्राट ने बताया कि केंद्र और बिहार सरकार के बीच गाद नीति पर करार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से वह बधाई संदेश लेकर नीतीश के पास गए।

सम्राट ने कहा कि हमने बिहार में गाद नीति बनाई है। नीतीश कुमार ने बार-बार यह मुद्दा उठाया था। उनको बधाई भी दी कि आपके सपनों को हम पूरा कर रहे हैं। पीएम मोदी के निर्देश पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से समझौता हुआ है। इससे बिहार को बाढ़ से राहत मिलेगी।

सीएम ने कहा कि बिहार की नदियों से गाद निकालने का काम केंद्र सरकार करेगी। पूर्व सीएम के कार्यकाल की तारीफ करते हुए सम्राट ने कहा कि नीतीश ने बिहार को सुशासन दिया। राज्य को संगठित अपराध से मुक्त किया। नीतीश के सहयोग और मोदी के मार्गदर्शन में बिहार को विकसित राज्य बनाने की दिशा में उनकी सरकार काम कर रही है।

MLC चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा-जेडीयू में तनाव

बिहार में एनडीए के दो मुख्य घटक दल भाजपा और जेडीयू में हालिया विधान परिषद चुनाव के नतीजों को लेकर तनातनी देखी जा रही है। दोनों पार्टियों ने इस चुनाव में बराबर 4-4 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। भाजपा ने दो सीटों पर जीत दर्ज की, तो जेडीयू सिर्फ एक ही सीट जीत पाई। जेडीयू नेताओं ने आरोप लगाया कि सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट पर पार्टी के उम्मीदवारों को सहयोगी दलों के नेताओं का पूरा सहयोग नहीं मिला।

चुनाव नतीजे आने के कुछ ही दिन के भीतर सारण और तिरहुत से निर्दलीय जीते राहुल राज और बंशीधर ब्रजवासी ने भाजपा को समर्थन दे दिया। उनके भाजपा की सदस्यता लेने की भी बात सामने आई, जिस पर पार्टी ने बाद में इनकार कर दिया। दोनों निर्दलीयों के भाजपा के साथ जाने पर नीतीश की पार्टी जेडीयू में असंतोष बढ़ गया।

जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने सोमवार को कहा कि भाजपा के रुख पर सवाल उठाया। उन्होंने सारण शिक्षक सीट से निर्दलीय एमएलसी बने राहुल राज पर बोलते हुए कहा कि जिस नेता को भाजपा ने 6 साल के लिए निकाल दिया था, उसे चुनाव जीतने के तुरंत बाद फिर से पार्टी में शामिल कराने का क्या औचित्य है। उन्होंने एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं को भी इस मामले पर नजर रखने का अनुरोध किया। इसके बाद लोजपा-आर के प्रमुख चिराग पासवान ने भी दोनों निर्दलीय एमएलसी के भाजपा को समर्थन देने पर नैतिकता का सवाल उठा दिया।

5 नवंबर को जेडीयू की बैठक, भाजपा-जेडीयू में थमा तनाव?

इसी बीच, विधान परिषद चुनाव के नतीजों की समीक्षा के लिए जेडीयू ने गुरुवार को पटना में बैठक बुलाई है। इसमें विधान परिषद चुनाव लड़े जेडीयू के सभी हारे-जीते प्रत्याशियों के अलावा, पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। तिरहुत स्नातक सीट से चुनाव हारे जेडीयू के अभिषेक झा का कहना है कि वह पार्टी की बैठक में विस्तार से अपनी बात रखेंगे।

उन्होंने चुनाव रिजल्ट के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में एनडीए के अंदर चक्रव्यूह रचे जाने की बात कही थी। जेडीयू की समीक्षा बैठक के बाद एनडीए में तनातनी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही थी। मगर बुधवार को सम्राट और नीतीश की गर्मजोशी से मुलाकात से दोनों पार्टियों के बीच तनाव अब थमता नजर आ रहा है। फिलहाल नजरें जेडीयू की समीक्षा बैठक पर टिकी हुई हैं।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar NewsBJP-JDU का तनाव खत्म? MLC चुनाव की समीक्षा से पहले नीतीश से सम्राट की केमिस्ट्री