सम्राट चौधरी दिल्ली में नितिन गडकरी से मिले, बिहार में कई हाईवे और एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट पर सहमति

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ उनके आवास पर बैठक की। उनके साथ पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र भी मौजूद रहे। बैठक में बिहार और केंद्र सरकार के बीच कई हाईवे और एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट पर सहमति बनी है।

samrat choudhary nitin gadkari meeting

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान बिहार के पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र भी मौजूद रहे। गडकरी के आवास पर सोमवार शाम हाईलेवल बैठक हुई। इस दौरान बिहार में रोड कनेक्टिविटी और नेशनल हाईवे के प्रोजेक्ट की उच्च स्तरीय समीक्षा की गई। बैठक में राज्य के अंदर विभिन्न हाईवे और एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को लेकर सहमति बनाई घई। सम्राट सोमवार दोपहर को दिल्ली पहुंचे थे, रात में उनके वापस पटना लौटने का कार्यक्रम है।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ बिहार की कनेक्टिविटी को नई गति देने पर विस्तार से चर्चा की गई। राज्य में विभिन्न नेशनल हाईवे एवं प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक की गई। बैठक में पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र और विभाग के आला अधिकारी भी मौजूद रहे।

एक्सप्रेसवे और हाईवे पर सहमति

मंत्री शैलेंद्र ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार में लगभग सभी हाईवे पर केंद्र के साथ सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि बैठक करीब आधा घंटा बैठक चली। इसमें गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, रक्सौल हल्दिया, बक्सर भागलपुर समेत कई हाईवे पर सहमति बनाई गई। एनएचएआई की जो भी परियोजना भूमि अधिग्रहण और अतिक्रमण के चलते अटकी हुई थीं, उनका समाधान किया गया है। मंत्री ने कहा कि यह बैठक काफी प्रभावी रही, जल्द ही अच्छे परिणाम मिलेंगे।

फोरलेन को सिक्सलेन में बदलने का प्रस्ताव

पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने कहा कि बिहार में जो भी हाईवे प्रोजेक्ट चल रहे हैं, उनमें तेजी लाने पर इस बैठक में विचार विमर्श किया गया। जहां-जहां जमीन अधिग्रहण और वन विभाग के क्लीयरेंस के चलते परियोजना अटकी हुई है, उन पर तेजी से काम किया जा रहा है। बिहार सरकार ने केंद्र से फोरलेन हाईवे को सिक्स लेन में तब्दील करने का भी प्रस्ताव दिया है।

दोपहर में दिल्ली पहुंचे सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार दोपहर में ही पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे बिहार भवन गए। वहां कुछ देर रुकने के बाद वे नितिन गडकरी के 2, मोतीलाल नेहरू प्लेस, नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर पहुंचे। वहां बहुत देर तक बैठक चली। जानकारी के अनुसार, सीएम सम्राट आज रात ही दिल्ली से पटना वापस लौट जाएंगे।

मोदी कैबिनेट में फेरबदल की तैयारी

सीएम सम्राट का दिल्ली दौरा ऐसे समय पर हुआ है, जब केंद्र की नरेंद्र मोदी कैबिनेट में फेरबदल की सुगबुगाहट चल रही है। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि मोदी कैबिनेट में बदलाव किसी भी समय हो सकता है। मौजूदा मंत्रिपरिषद से कुछ मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, जबकि कुछ के मंत्रालय बदल सकते हैं।

चर्चा यह भी चल रही है कि नितिन गडकरी जैसे कुछ प्रमुख मंत्रियों का विभाग भी बदला जा सकता है। गडकरी साल 2014 से सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की कमान संभाल रहे हैं। आगामी कैबिनेट फेरबदल में उन्हें किसी नए मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।