बिहार के 211 प्रखंडों के नए डिग्री कॉलेजों में आज से पढ़ाई, हिंदी-अंग्रेजी समेत 6 विषय पढ़ेंगे छात्र

हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार में आज से 211 प्रखंडों के नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर जिले में इसका शुभारंभ करेंगे। इन कॉलजों में छह विषयों की पढ़ाई होगी। 

Representative image

बिहार के 211 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई 15 जुलाई यानी आज से शुरू होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर से इसका शुभारंभ करेंगे। वहीं, राज्य सरकार के सभी मंत्री विभिन्न जिलों में डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इन कॉलेजों में छह विषयों हिन्दी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, रजानीति विज्ञान और समाजशास्त्र की पढ़ाई शुरू होगी। आगे के चरणों में अन्य विषयों की भी पढ़ाई शुरू होगी। इस संबंध में उच्च शिक्षा के निदेशक एनके अग्रवाल ने कहा कि राज्य के सभी नए 211 डिग्री कॉलेजों में सत्र के शुभारंभ की तैयारी पूरी कर ली गई है।

प्राचार्यों और शिक्षकों की भी प्रतिनिुयक्ति कर दी गई है। उन्होंने बताया कि भागलपुर से एकीकृत रूप से राज्यभर के कॉलेजों में पढ़ाई का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही अलग-अलग जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में सांसद-विधायक भी हिस्सा लेंगे। मालूम हो कि सरकार ने सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया था। पहले एक जुलाई से इन कालेजों में पढ़ाई शुरू करनेे का लक्ष्य रखा गया था।

पटना जिले में सात नए डिग्री कॉलेज खुलें

पटना जिले के घोसवरी, खुसरुपुर, अथमलगोला, मनेर, दनियावां, संपतक और बेलछी प्रखंड में नए डिग्री कॉलेज स्थापित किये गये हैं। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना उन्नत शिक्षा उज्जवल भविष्य के अंतर्गत राज्य के 211 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन करने बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 10.45 बजे भागलपुर आएंगे। वे गोराडीह प्रखंड की सालपुर पंचायत स्थित कासिल खरबा गांव में आयोजित कार्यक्रम में उत्क्रमित मध्य माध्यमिक विद्यालय, कासिल के मैदान में शिरकत करेंगे। सीएम यहां करीब सवा दो घंटे रहेंगे।

सीएम 1.00 बजे पटना के लिए रवाना हो जाएंगे। कार्यक्रम में दोनों उप मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। वे भी हेलीकॉप्टर से आएंगे। वहीं, कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर भी मौजूद रहेंगे। सीएम की सभा को लेकर करीब 150 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। जो हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, हाईराइज बिल्डिंग और पार्किंग स्थल के पास तैनात रहेंगे। उनके साथ भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती भी की गई है। सीएम के सभा स्थल के पास दो हेलीपैड बनाया गया है।

दो-दो शिक्षकों के भरोसे 16 नए डिग्री कॉलेजों में आज से पढ़ाई

पाटलिपुत्र विवि (पीपीयू) अंतर्गत पटना और नालंदा जिले में स्थापित 16 नए डिग्री कॉलेजों में दो शिक्षकों के भरोसे शैक्षणिक सत्र बुधवार से शुरू होगा। 15 दिनों के विलंब से शुरू हो रहे सत्र में शिक्षकों की कमी के बीच इसके संचालन की कमान एक प्राचार्य और एक बर्सर पर टिकी है। स्थिति यह है कि शैक्षणिक और प्रशासनिक दोनों की जिम्मेदारी इन्हीं के कंधों पर आ गई है। अब तक इन 16 नए डिग्री कॉलेजों में कुल 861 विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है, लेकिन शिक्षकों की उपलब्धता को लेकर स्थिति गंभीर है। कॉलेजों में छह विषयों की पढ़ाई होनी है।

लेकिन छह में पांच विषयों के शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति नहीं हो सकी है। केवल एक विषय में शिक्षक उपलब्ध कराए गए हैं, जो बर्सर की भूमिका भी निभाएंगे। ऐसे में छह विषयों में एक विषय प्राचार्य को संभालना होगा, यदि वह उनका विषय होगा। विवि का कहना है कि शिक्षकों की कमी दूर होने तक विद्यार्थियों को स्टडी मटेरियल उपलब्ध करा सत्र को सुचारू रखा जाएगा। विवि से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वर्चुअल माध्यम से सभी नव स्थापित डिग्री कॉलेज का उद्घाटन करेंगे।

उद्घाटन के लिए 16 प्रतिनियुक्त

पटना, नालंदा जिले में नव स्थापित 16 नए डिग्री कॉलेजों के उद्घाटन को लेकर विवि के प्रतिनिधि प्रतिनियुक्त किए गए हैं। इनमें कुलपति प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह, कुलसचिव, प्रो. अबू बकर रिजवी, डीन छात्र कल्याण प्रो. राजीव रंजन, विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. मनोज कुमार, कुलानुशासक प्रो. कीर्ति समेत अन्य पदाधिकारी और प्रोफेसर्स शामिल हैं।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।