सम्राट चौधरी ने पहली बार बतौर बिहार सीएम किया झंडोत्तोलन, पटना गांधी मैदान बना गवाह

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

पटना गांधी मैदान में सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार झंडा फहराया।

CM Samrat Choudhary
सीएम सम्राट चौधरी

Bihar Independence Day: बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी ने पहली बार तिरंगा झंडा फहराया। इससे पहले उन्होंने परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने बिहार समेत पूरे देश की जनता को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह गौरवशाली अवसर हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष से हमें स्वतंत्र भारत मिला। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया।

इस मौके पर सीएम ने कहा कि सरकार हमारे राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, औद्योगिक विकास, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार सृजन के प्रति संकल्पित हैं। आज 30 हजार भूमिहीन परिवारों को आवास की जमीन दी गई है। कई नए विश्वविद्यालय स्थापित किए गए, मेडिकल कॉलेज खोले गए, प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों की स्थापना की गयी। हर जिले में मॉडल अस्पताल बनाए गए जहां से रेफर करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई गई। सड़क और इन्फ्रास्ट्रक्टर के विकास के लिए हर दिन काम किया जा रहा है।

कृषि आधारित उद्योंगों को बढ़ावा

राज्य में उन उद्योंगो को प्राथमिकता दी जा रही है जिनमें अधिक से अधिक लोगों को काम मिले। किसानों के उत्पाद को उद्योंगो से बढ़ावा मिले। सरकार का टारगेट है कि नवम्बर माह तक राज्य में पांच लाख करोड़ का निवेश बिहार में कराया जाए। सरकार इस योजना पर काम कर रही है कि हर परिवार से कम से कम एक व्यक्ति को सरकारी या गैरसरकारी संस्थाओं में नौकरी या रोजगार दिलाया जाए। राज्य में 25 चीनी मिलों को चालू या स्थापित करने पर हम काम कर रहे हैं। बिहार को एक बार फिर देश का सिरमौर बनाना है।

रूफ टॉप सोलर प्लांट पर जोर

सीएम ने कहा कि बिजली उत्पादन के क्षेत्र में बिहार आत्मनिर्भर बनना चाहता है। हम राज्य की जनता को बिजली में सब्सिडी देते हैं। 125 यूनिट आज फ्री दी जा रही है। इसमें 23 हजार करोड़ वार्षिक लागत आती है। इसलिए सस्ती बिजली उत्पादन पर जोर दिया जाएगा। उत्पादित बिजली पर लोड कम करने के लिए राज्य के अधिक से अधिक घरों में रूफ टॉप सोलर प्लांट लगाया जा रहा है। किसानों को सस्ती और समय पर बिजली दी जा रही है। इसके लिए किसानों से मात्र 55 पैसे प्रति यूनिट के दर से बिल लिया जा है। 60 लाख से अधिक किसानों को डिजिटल तौर पर सरकार से जोड़ा गया है।

बरसात के मद्देनजर खास व्यवस्था

शनिवार को गांधी मैदान स्वतंत्रता दिवस समारोह को पूरी भव्यता, गरिमा एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था, दर्शक दीर्घा प्रबंधन तथा विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। मौसम को ध्यान में रखते हुए लगभग 80,000 वर्गफीट क्षेत्र में दर्शक दीर्घा के ऊपर शेड का निर्माण कराया गया था।

गांधी मैदान में डेडिकेटेड प्रवेश द्वार

मुख्य समारोह में प्रवेश की व्यवस्था विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के प्रवेश के लिए मुख्य द्वार संख्या-10 निर्धारित किया गया था, जबकि पीला कार्ड धारक प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों का प्रवेश गेट नंबर नौ से कराया गया। महिलाओं का प्रवेश गेट नंबर 12 एवं 13 से होगा विद्यार्थियों का प्रवेश गेट नंबर दो , तीन एवं चार से हुआ। आमजनों का प्रवेश गेट नंबर छह एवं सात से कराया गया। विधि-व्यवस्था के नजरिए से पूरे गांधी मैदान को चार सेक्टरों तथा सब-सेक्टरों में विभाजित किया गया था। गांधी मैदान एवं कारगिल स्मृति चौक के पास विधि-व्यवस्था कुल 62 स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई। सभी स्थानों पर पुलिस बल भी तैनात की गयी।

सीसीटीवी, ड्रोन एवं इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर से निगरानी

गांधी मैदान एवं आसपास सीसीटीवी से निगरानी की जा रही थी। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्थापित सीसीटीवी कैमरों से भी चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही थी। गांधी मैदान में ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की गई । साथ ही पुलिस कार्यालय परिसर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से पूरे आयोजन की गतिविधियों पर सतत नजर बनी रही। जिला नियंत्रण कक्ष तीन पालियों में कार्यरत रखा गया है। तथा इसके लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षित दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsसम्राट चौधरी ने पहली बार बतौर बिहार सीएम किया झंडोत्तोलन, गांधी मैदान बना गवाह