बिहार: दीघा से कोइलवर गंगा पथ समेत 100 सड़क-पुल बनाने का प्लान, 21 हजार करोड़ लोन लेगी सरकार

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार में सड़क औऱ पुल का जाल बिछाने के लिए राज्य सरकार ने प्लान तैयार कर लिया है। इसके लिए सरकार 21 हजार करोड़ रुपये लोन लेगी। इन पैसों से सड़कों से जुड़ी 65 और 35 से अधिक पुलों की परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा।

Roads In Bihar (Representative Image)
बिहार में 100 सड़क और पुल बनाने के लिए 21 हजार करोड़ रुपये लोन लेगी। (सांकेतिक फोटो)

बिहार की सड़क और पुल परियोजनाओं को तेज गति से जमीन पर उतारने के लिए राज्य सरकार का पथ निर्माण विभाग 21 हजार करोड़ रुपये लोन लेगा। इस राशि से करीब एक सौ परियोजनाएं पूरी की जाएंगी। इन परियोजनाओं की सूची नाबार्ड को भेज दी गई है। हर एक परियोजना के लिए अलग-अलग लोन की स्वीकृति नाबार्ड देगा। इसके बाद राशि जारी होगी। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य की सड़कों की 65 और 35 से अधिक पुल निर्माण की परियोजनाएं शामिल हैं, जिसके लिए लोन लिया जा रहा है। इनमें निर्माणाधीन और नई दोनों तरह की परियोजनाएं हैं।

सड़क के लिए बिहार राज्य पथ विकास निगम और पुल की परियोजनाओं के लिए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को लोन की राशि मिलेगी। इन परियोजनाओं में विभिन्न शहरों में बाइपास और सड़कों के साथ-साथ गंगा पथ भी शामिल हैं। हर एक परियोजना की पूरी जानकारी लेने के बाद नबार्ड लोन की राशि देगा।

इसके लिए नाबार्ड और दोनों निगमों के बीच लगातार विमर्श चल रहा है। पदाधिकारियों ने उम्माद जतायी है कि जल्द ही लोन की राशि चरणवार जारी होना शुरू हो जाएगा। सड़क परियोजनाओं के लिए 15 हजार करोड़ और पुल निर्माण के लिए छह हजार करोड़ लोन लिये जाएंगे।

ये प्रमुख सड़कें बनाने की तैयारी

लोन की राशि के लिए भेजी गई सूची में बरियारपुर से सुल्तानगंज 42 किलोमीटर की सड़क भी शामिल है। इसी प्रकार सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर गंगा पथ 40.80 किलोमीटर, दीघा से कोईलवर गंगा पथ, दरभंगा मेडिकल कॉलेज से एम्स हाइवे रोड, कोचस में आरा-मोहनिया बाइपास, दानापुर कैंट से मनेर होते हुए बिहटा तक फोर लेनिंग, छपरा-बेतिया बाइपास, गोपालगंज बाइपास, सीवान जिले में आंदर ढाला से हुसैनगंज तक चौड़ीकरण आदि परियोजनाएं शामिल हैं।

सूची दो माह पहले नाबार्ड को भेजी

सड़क परियोजनाओं की सूची करीब दो महीने पहले नाबार्ड को भेजी गई है। इसके अतिरिक्त मुख्य रूप से तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान की गई सड़कों और पुलों की घोषणाएं तथा अन्य 50 करोड़ से ऊपर की परियोजनाएं शामिल की गई हैं।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsदीघा से कोइलवर गंगा पथ समेत 100 सड़क-पुल बनेंगे, 21 हजार करोड़ लोन लेगी सरकार