राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का फिर मिला नोटिस, सरकार ने दिया एक हफ्ते का समय
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना स्थित अपना बंगला खाली करने का नोटिस एक बार फिर मिल चुका है। राबड़ी देवी ने इससे पहले लिखित पत्र देकर कहा था कि वे 39 हार्डिंग जाने को तेयार हैं। लेकिन, लालू यादव के स्वास्थ्य को देखते हुए वहां पर उनके लिए एक विशेष कमरे का निर्माण किया जाए।

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अब तक पटना स्थित अपना बंगला खाली नहीं किया है। जिसके बाद अब सरकार ने राबड़ी देवी को एक बार फिर नोटिस भेज दिया है। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री के बगले पर सियासत पिछले कई दिनों से हो रही है। विपक्ष के नेताओं का कहना था कि सरकार दुर्भावना से ग्रसित होकर बंगला खाली कराना चाहती है तो वहीं सरकार का तर्क रहा है कि आवास को खाली करने का नोटिस नियमों के मुताबिक ही दिया गया था। हालांकि, इस बीच राबड़ी देवी ने बंगला खाली करने की बात कही थी लेकिन अब तक आवास को खाली नहीं किया गया है। अब भवन निर्माण विभाग ने बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को दस सर्कुलर रोड का बंगला खाली करने का फिर नोटिस दिया है। 22 जून को जारी इस नोटिस में उनसे एक हफ्ते के अंदर बंगला खाली करने का अनुरोध किया गया है।
विभाग ने जारी नोटिस में कहा है कि दस सर्कुलर रोड का बंगला डेयरी मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। मगर बंगला खाली नहीं होने से उनको उपलब्ध नहीं कराया जा सका है। एक हफ्ते के अंदर बंगला खाली कर दिया जाए ताकि मंत्री को बंगला उपलब्ध हो सके। विभाग ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में राबड़ी देवी को पहले ही 39 हार्डिंग रोड का बंगला आवंटित किया जा चुका है। गौर हो कि भवन निर्माण विभाग द्वारा इससे पहले भी राबड़ी देवी को दस सर्कुलर रोड का बंगला खाली करने की नोटिस दिया गया था।
हालांकि, इसके पूर्व राबड़ी देवी ने विभाग को लिखित पत्र देकर कहा था कि वे 39 हार्डिंग जाने को तेयार हैं। लेकिन, लालू जी के स्वास्थ्य को देखते हुए वहां पर उनके लिए एक विशेष कमरे का निर्माण किया जाए। उसमें रैंप व लिफ्ट आदि की व्यवस्था भी हो। भवन निर्माण विभाग द्वारा उस पर कार्रवाई की जा रही है।
राबड़ी देवी साल 1997 से 2005 तक आठ साल मुख्यमंत्री रहीं। 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने का नोटिस दिए जाने के बाद राबड़ी देवी नाराज भी नजर आई थीं। राबड़ी देवी ने यहां तक कह दिया था कि वो बंगला खाली नहीं करेंगी। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि हां मैं देख सकती हूं कि हाल ही में मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी काफी उत्साहित हैं। वह मुझे जबरन हटा दें। मैं यह बंगला खाली नहीं करने वाली।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की वरिष्ठ नेता और भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने कहा था कि राबड़ी देवी को हार्डिंग रोड स्थित 39 नंबर का बंगला कुछ समय पहले आवंटित किया जा चुका है, और वह यह नहीं कह सकतीं कि उन्हें उनको मिलने वाली सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। हमने एक मंत्री को सर्कुलर रोड स्थित 10 नंबर का बंगला आवंटित किया है, और राबड़ी देवी किसी तरह की रियायत की उम्मीद नहीं कर सकतीं। इस मुद्दे पर कई बार सीएम सम्राट चौधरी खुद कई बार कह चुके हैं कि कुछ लोगों को बंगले का मोह हो जाता है। मां को अलग और बेटे को अलग बंगला चाहिए सरकार बंगला तो किसी भी कीमत खाली करना ही पड़ेगा।


