बिहार में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से जुड़े संस्थानों पर सरकार सख्त, सभी की जांच के आदेश

हिन्दुस्तान टीम हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार सरकार ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से जुड़े संस्थानों की जांच कराने का फैसला किया है। विभाग ने संबंधित संस्थानों को निर्धारित पोर्टल पर अपनी आवश्यक जानकारी और अभिलेख 1 सितंबर 2026 से 30 नवंबर तक उपलब्ध कराने को कहा है।

Samrat chodhary
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी।

बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से जुड़ी संस्थाओं को लेकर राज्य सरकार ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। राज्य सरकार ने सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों की जांच का फैसला किया है। योजना के तहत सूचीबद्ध निजी शिक्षण संस्थानों की भौतिक जांच करायी जायेगी। शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित संस्थानों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों की जांच के लिए जिला स्तर पर समिति गठित करने को कहा है। यह प्रक्रिया शैक्षणिक सत्र 2026-27 के मद्देनजर की जा रही है। निजी संस्थानों में आधारभूत संरचना और शैक्षणिक वातावरण की स्थिति का सत्यापन होगा। संस्थानों को नैक से न्यूनतम ग्रेड सी, राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क-एनआईआरएफ की वार्षिक रैंकिंग में स्थान अथवा राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड से मान्य पाठ्यक्रम संचालित करने की दिशा में आवश्यक पहल करने को भी कहा गया है।

विभाग ने संबंधित संस्थानों को निर्धारित पोर्टल पर अपनी आवश्यक जानकारी और अभिलेख 1 सितंबर 2026 से 30 नवंबर तक उपलब्ध कराने को कहा है। संस्थानों द्वारा उपलब्ध कराये गये दस्तावेजों के आधार पर जिला शिक्षा पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति जांच करेगी। समिति में भूमि-भवन से संबंधित जानकारी रखने वाले पदाधिकारियों को भी शामिल किया जा सकेगा। विभाग ने सभी जिलों में स्थित संबंधित संस्थानों की स्थलीय जांच की प्रक्रिया 30 दिसंबर तक पूरी करने का निर्देश दिया है।

पंचायती राज विभाग की अंकेक्षक परीक्षा में 1248 सफल

बिहार लोक सेवा आयोग ने शनिवार को पंचायती राज विभाग अंतर्गत अंकेक्षक सेवा की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। रिजल्ट आयोग के वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। परीक्षा में कुल 1248 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। परीक्षा में सामान्य वर्ग का कटऑफ सबसे अधिक 92 अंक गया है।

श्रेणीवार सफल अभ्यर्थियों में अनारक्षित कोटि में 702, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग में 138, अनुसूचित जाति में 148, अत्यंत पिछड़ा वर्ग में 105, पिछड़ा वर्ग में 105 और पिछड़े वर्ग की महिला कोटि में 39 अभ्यर्थी शामिल हैं। दिव्यांगता के आधार पर देय क्षैतिज आरक्षण के तहत कुल 35 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। भूतपूर्व स्वतंत्रता सेनानियों के नाती/नतिनी/पोता/पोती कोटि में 20 अभ्यर्थी सफल हुए गए हैं।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार : स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से जुड़े संस्थानों पर सरकार सख्त, होगी जांच