मंत्री या बेटे का नाम बताएं राबड़ी, जेल में डाल देंगे; नीट छात्रा केस में सम्राट चौधरी की चुनौती

Ritesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

पटना में नीट छात्रा की हत्या के मामले में राबड़ी देवी के सनसनीखेज आरोप पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने चुनौती दी है कि राबड़ी खुले तौर पर मामले में शामिल मंत्री के बेटे का नाम लें तो वो 24 घंटे में उसे जेल भेज देंगे।

मंत्री या बेटे का नाम बताएं राबड़ी, जेल में डाल देंगे; नीट छात्रा केस में सम्राट चौधरी की चुनौती

बिहार के उप-मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सनसनीखेज आरोपों पर जवाब में उन्हें चुनौती दी है कि अगर राबड़ी देवी नीट छात्रा हत्याकांड में शामिल किसी भी मंत्री के बेटे का नाम सार्वजनिक तौर पर लेती हैं तो 24 घंटे में उसे जेल भेज दिया जाएगा। राबड़ी देवी ने गुरुवार को यह कहकर सनसनी फैला दी थी कि नीट छात्रा की रेप और हत्या के केस में कोई मंत्री या मंत्री का बेटा शामिल होगा, इसलिए सरकार मामले की लीपापोती में जुटी है। नीतीश कुमार सरकार ने लगभग 20 दिनों तक बिहार पुलिस की जांच के बाद 31 जनवरी को केस की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपन की सिफारिश की थी।

सम्राट चौधरी ने शुक्रवार की सुबह एक वीडियो जारी करके राबड़ी देवी के आरोपों पर पलटवार में उन्हें मंत्री के बेटे का नाम लेने की चुनौती दी है और कहा है कि अगर उनके पास जानकारी है तो वो इस केस का सबूत छुपा रही हैं। सम्राट ने कहा- ‘विपक्ष राजनीति कर रहा है। राबड़ी देवी बिहार की मुख्यमंत्री रही हैं। उनसे यह उम्मीद नहीं थी। अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर राबड़ी देवी को ये पता है कि कोई मंत्री का बेटा उसमें शामिल हैं, नाम दें, नाम बताएं। यदि राबड़ी देवी नहीं बता रही हैं तो इसका मतलब वो साक्ष्य को छुपा रही हैं। राबड़ी देवी को जनता के बीच में नाम बताना चाहिए। मैं गारंटी देता हूं, किसी भी मंत्री या मंत्री के बेटे का नाम आएगा, तो 24 घंटे के अंदर जेल में डालने का काम करेंगे।’

बिहार के सारे गर्ल्स हॉस्टल के लिए नए नियम, नीट छात्रा हत्याकांड के बाद ऐक्शन में सम्राट चौधरी

राबड़ी देवी ने कल कहा था कि इस केस में कोई सरकार की ही आदमी शामिल है, इसलिए सरकार इस केस की लीपापोती करके सीबीआई को दे रही है। राबड़ी ने यह भी आरोप लगाया था कि जांच करने वाली एजेंसी सीबीआई भी तो सरकार की ही है, वो क्या जांच करेगी। 11 जनवरी को पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली जहानाबाद की एक लड़की की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस लड़की की तबीयत 6 जनवरी को खराब हुई थी, जिसके बाद मौत से पहले तीन अस्पतालों में इलाज चला। लड़की के साथ रेप को लेकर शुरुआत में पुलिस अफसरों के बयान और आगे फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के नतीजों में विरोधाभास को लेकर पुलिस जांच पर संदेह गहरा गया था।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।