बिहार में 10 हजार उद्योग लगेंगे, 12 लाख प्रवासियों को वापस लाएगी सरकार; सम्राट चौधरी का ऐलान

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि अगले पांच सालों के अंदर राज्य में 10 हजार से अधिक उद्योग लगाए जाएंगे। इससे रोजी-रोटी के लिए बिहार से बाहर गए 12 लाख प्रवासी मजदूरों को यहीं पर रोजगार मिलेगा।

samrat choudhary bihar 10000 industries announcement
पटना में सेवा संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी एवं अन्य (ANI Photo)

बिहार में सम्राट सरकार बड़े पैमाने पर उद्योग-धंधे लगाने पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐलान किया है कि अगले 5 सालों में राज्य के अंदर लगभग 10 हजार उद्योग लगाए जाएंगे। सीएम ने कहा कि बिहार के लगभग 12 लाख लोगों को रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। उन्हें बिहार में ही रोजगार दिलाया जाएगा। इसके लिए उद्योग और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत, प्रवासी मजदूरों को बिहार वापस लाया जाएगा।

सीएम सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना के तारामंडल में सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नेशनल इनोवेशन चैलेंज पोर्टल का लोकार्पण किया। साथ ही श्यामा प्रसाद मुखर्जी कार रैली के तहत 25 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

1000 उद्योगों को मिली जमीन

इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में औद्योगिक माहौल तैयार हो चुका है और अब तक करीब एक हजार उद्योगों को जमीन उपलब्ध कराई जा चुकी है। अगले पांच वर्षों में 10 हजार उद्योगों को बिहार की धरती पर स्थापित करने का लक्ष्य है।

12 लाख प्रवासी मजदूरों को बिहार में ही मिलेगा रोजगार

सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार के बाहर यहां के 12 लाख लोग मजदूरी करने के लिए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के बाहर कोई मजदूरी करने ना जाए। इसके लिए उद्योगों और उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। युवा उद्यमी नए स्टार्टअप के साथ बिहार की दिशा बदल सकते हैं। राज्य सरकार उनके प्रयासों को हरसंभव सहयोग देगी। बिहार टेक पोर्टल फॉर इनोवेशन इन आईटी सेक्टर के माध्यम से आईटी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

महिला सशक्तीकरण पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। समृद्ध बिहार बनाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सरकार ने एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बिहार को समृद्ध बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। युवा ऊर्जा, तकनीकी क्षमता और उद्यमशीलता को एक साथ जोड़कर राज्य को तेज विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार का लक्ष्य ऐसा बिहार बनाना है, जहां सेवा के साथ नवाचार, रोजगार और उद्योग के नए अवसर लगातार उपलब्ध हों।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार की विकास यात्रा में सेवा, नवाचार, तकनीक और उद्यमिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य की युवा शक्ति और बड़ी आबादी को चुनौती नहीं, बल्कि विकास की ताकत बनाकर बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।

कार्यक्रम में उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज की प्रदेश संयोजक डॉ. अमृता भूषण राठौर की उपस्थिति रही।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार में 10 हजार उद्योग लगेंगे, 12 लाख प्रवासी वापस आएंगे; सम्राट का ऐलान