पटना में रोजगार मेला खत्म होते ही सम्राट चौधरी ने हर जिले के लिए कर दिया ऐलान, बंपर नौकरियां मिलेंगी

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में रोजगार मेला खत्म होते ही हर जिले के लिए बड़ा ऐलान कर दिया है। अगले साल से बिहार के सभी जिलों में रोजगार मेला लगाए जाएंगे, जहां युवाओं को देश-विदेश की कंपनियों में बंपर नौकरियों का मौका मिलेगा।

Samrat Choudhary Bihar jobs
पटना में रोजगार मेला के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Photo by Santosh Kumar/ Hindustan Times)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि अगले साल से बिहार के हर जिले में रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। युवाओं को उनके जिले में ही प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी मिलेगी। पहले राज्य और प्रमंडल स्तर पर रोजगार मेले आयोजित होते थे। सीएम ने पटना के ज्ञान भवन में आयोजित पांच दिवसीय मेगा जॉब फेयर 2026 के समापन समारोह में यह घोषणा की। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी दिए। 19 से 23 अगस्त तक आयोजित इस रोजगार मेला में 115 कंपनियों ने 20226 युवाओं को नौकरी के लिए चुना। 3940 युवाओं को बिहार में और 476 को विदेशों में रोजगार के लिए चयनित किया गया। शेष युवाओं को दूसरे राज्यों की कंपनियों में नौकरियां मिली हैं। पटना के रोजगार मेला में 36 दिव्यांगजन को भी नौकरी मिली।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में युवाओं को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य में 5 रुपये में पॉलिटेक्निक और 0 रुपये में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है। लैंग्वेज क्लासेस की सुविधा भी दी जा रही है, ताकि वे विदेशों में भी रोजगार प्राप्त कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपनों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पीपीपी मोड पर गंगा के किनारे 126 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का निर्माण किया जा रहा है। करीब 70 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में बिहार सरकार 20 हजार करोड़ रुपये तथा निजी क्षेत्र 50 हजार करोड़ रुपये का योगदान करेगा।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।

विश्व कौशल प्रतियोगिता में शामिल तीन युवाओं का सम्मान

सीएम सम्राट ने चीन के शंघाई में विश्व कौशल प्रतियोगिता-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले बिहार के तीन युवाओं के अभिभावकों को सम्मानित किया। इंडिया स्किल्स के गोल्ड मेडलिस्ट मौसम कुमार गिरी और मो. दिलखुश के परिजनों को एक-एक लाख रुपये तथा ब्रांज मेडलिस्ट आशीष राजवंश के परिजन को 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से बिहार मानसिक स्वास्थ्य एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान, भोजपुर में मानसिक रोग से स्वस्थ हुए व्यक्तियों के पुनर्वास हेतु प्रशिक्षण केंद्र तथा दिव्यांगजन एवं ट्रांसजेंडर समुदाय के कौशल विकास एवं आजीविका संवर्द्धन हेतु प्रशिक्षण केंद्र का भी शुभारंभ किया।

पटना में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के लिए केंद्र से आग्रह

सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के लिए केंद्र सरकार से आग्रह किया गया है, ताकि दुनिया के लोगों को बुलाकर यहां के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य है। सरकार की कोशिश है कि किसी व्यक्ति को जीवनयापन के लिए बाहर नहीं जाना पड़े।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsसम्राट चौधरी ने हर जिले के लिए कर दिया ऐलान, बंपर नौकरियां मिलेंगी