सम्राट चौधरी डी-लिट डिग्रीधारी और विजय सिन्हा इंजीनियर; NDA और MGB में 8% प्रत्याशी मैट्रिक तक भी नहीं पढ़े
संक्षेप: उम्मीदवारों के नामांकन पत्र के साथ चुनाव आयोग को सौंपे शपथ पत्र से यह खुलासा हुआ है। 17 उम्मीदवार एलएलबी, 12 इंजीनियरिंग, 12 पीएचडी, पांच एमबीबीएस, तीन एमबीए, दो एमफिल डिग्रीधारी हैं। दोनों प्रमुख गठबंधन को मिला कर करीब आठ फीसदी उम्मीदवार नन मैट्रिक हैं।
बिहार चुनाव के पहले चरण में एनडीए और महागठबंधन के दलों ने उम्मीदवारों के चयन में उच्च शिक्षाधारियों को प्रमुखता दी है। दोनों गठबंधनों के दलों के करीब 62 फीसदी उम्मीदवार स्नातक या उससे अधिक योग्यताधारी है। इनमें दो दर्जन के पास इंजीनियरिंग और पीएचडी की डिग्री है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित तीन प्रत्याशी डी-लिट डिग्रीधारी हैं।

उम्मीदवारों के नामांकन पत्र के साथ चुनाव आयोग को सौंपे शपथ पत्र से यह खुलासा हुआ है। 17 उम्मीदवार एलएलबी, 12 इंजीनियरिंग, 12 पीएचडी, पांच एमबीबीएस, तीन एमबीए, दो एमफिल डिग्रीधारी हैं। दोनों प्रमुख गठबंधन को मिला कर करीब आठ फीसदी उम्मीदवार नन मैट्रिक हैं। इनमें सात साक्षर जबकि एक दर्जन ने सातवीं, आठवीं या नौवीं तक की पढ़ाई ही पूरी की है। इन गठबंधनों के कुल उम्मीदवारों में 24 के पास मैट्रिक, 47 के पास इंटर, 66 के पास स्नातक और 28 के पास स्नातकोत्तर की डिग्री है।
बिहारशरीफ से भाजपा के डॉ सुनील कुमार, बाढ़ से भाजपा के सियाराम सिंह, परसा से राजद की डॉ करिश्मा, परबत्ता से राजद के डॉ संजीव कुमार, महुआ से राजद के मुकेश रौशन के पास एमबीबीएस की डिग्री है।
यह सभी प्रत्याशी इंजीनियर
वहीं, लखीसराय से भाजपा के विजय कुमार सिन्हा, राजगीर से सीपीआई के विश्वनाथ चौधरी, इस्लामपुर से जदयू के रूहेल रंजन, कांटी से जदयू के अजीत कुमार, साहेबगंज से भाजपा के राजू कुमार सिंह, वैशाली के कांग्रेस के संजीव सिंह, महनार से राजद के रवींद्र कुमार सिंह, वारिसनगर से जदयू के मांजरिक मृणाल, उजियारपुर से रालोमो के प्रशांत कुमार और राजद के आलोक कुमार मेहता इंजीनियर हैं। तारापुर से भाजपा उम्मीदवार सम्राट चौधरी, केवटी से भाजपा के मुरारी मोहन झा, सोनपुर से राजद के रामानुज कुमार के पास डी लिट की डिग्री है।
यह सभी पीचएडी हैं
भोरे से माले के धनंजय, गौराबौराम से भाजपा के सुजीत कुमार एमफिल डिग्रीधारी हैं। साथ ही भाजपा के डॉ संजीव चौरसिया, राजद के डॉ रामानंद यादव, कांग्रेस के डॉ इंद्रदीप चंद्रवंशी, साहेबपुर कमाल से राजद के शतानंद, खगड़िया से कांग्रेस के चंदन कुमार, बिहारीगंज से राजद की रेणु कुमारी, सिंहेश्वरस्थान से जदयू के रमेश ऋषिदेव, जाले से भाजपा के जिवेश कुमार, हायाघाट से भाजपा के रामचंद्र प्रसाद, बरूराज से भाजपा के अरुण कुमार सिंह, बेनीपुर से जदयू के विनय चौधरी पीएचडी हैं। बोचहा से राजद के अमर पासवान, गायघाट से जदयू की कोमल सिंह, दरभंगा से भाजपा के संजय सरावगी एमबीए डिग्रीधारी हैं।





