बिदुपुर से दिघवारा तक गंगा-अंबिका तो मनेर से बक्सर तक विश्वामित्र पथ, सम्राट कैबिनेट का बड़ा फैसला

Nishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share

Samrat Cabinet: इससे गंगा किनारे सड़क के जरिए पटना की संपर्कता (कनेक्टिविटी) बढ़ेगी। बिदुपुर से दिघवारा तक गंगा-अंबिका पथ की कनेक्टिविटी प्रस्तावित हरिहरनाथ कॉरिडोर, सोनपुर एयरपोर्ट, पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे सहित अन्य सड़कों से होगी।

बिदुपुर से दिघवारा तक गंगा-अंबिका तो मनेर से बक्सर तक विश्वामित्र पथ, सम्राट कैबिनेट का बड़ा फैसला

गंगा के उत्तर और दक्षिण छोर पर गंगा पथ का निर्माण होगा। इससे पटना की उत्तर और दक्षिण बिहार के जिलों से सड़क संपर्कता बढ़ेगी। राज्य कैबिनेट ने बुधवार को गंगा के दक्षिणी छोर पर बिदुपुर से दिघवारा तक गंगा अंबिका पथ निर्माण की मंजूरी दी। यह 56 किमी लंबा होगा। इसके साथ ही बक्सर-आरा-मनेर (कोइलवर) गंगा पथ का निर्माण 90 किमी लंबाई में होगा। इसका नाम विश्वामित्र पथ है। जेपी गंगा पथ को पहले ही मनेर तक विस्तार की स्वीकृति दी जा चुकी है।

इससे गंगा किनारे सड़क के जरिए पटना की संपर्कता (कनेक्टिविटी) बढ़ेगी। बिदुपुर से दिघवारा तक गंगा-अंबिका पथ की कनेक्टिविटी प्रस्तावित हरिहरनाथ कॉरिडोर, सोनपुर एयरपोर्ट, पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे सहित अन्य सड़कों से होगी। राज्य मंत्रिमंडल ने बुधवार की बैठक में तीन नई सड़कों के निर्माण की मंजूरी दी। इसके तहत 219.51 किमी लंबी सड़कों का निर्माण होगा।

इसके लिए बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से बनाने के लिए डीपीआर परामर्शी और ट्रांजेक्शन एडवाइजर की सेवा के लिए सैद्धांतिक प्रस्ताव पर राज्य मंत्रिपरिषद ने बुधवार को मंजूरी दे दी। इसके अलावा बक्सर-आरा-मनेर (कोइलवर) गंगा पथ का निर्माण 90 किमी लंबाई में होगा। इसका नाम विश्वामित्र पथ है। इसके निर्माण से पटना से बक्सर आवागमन में बेहतर सुविधा हो सकेगी। इसके रास्ते बनारस जाना भी आसान होगा।

पटना के चारों गंगा पुलों से जुड़ेगा अंबिका पथ

बिदुपुर से दिघवारा तक गंगा-अंबिका पथ पटना में गंगा पर बने तीनों पुल तथा चौथे निर्माणाधीन पुल से भी जुड़ जाएगा। यह पथ उत्तर-दक्षिण बिहार को जोड़ेगा। पटना में अभी गंगा पर तीन पुल बने हैं, जिनमें महात्मा गांधी सेतु, जेपी सेतु और बिदुपुर-कच्चीदरगाह पुल शामिल है। वहीं, शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल का निर्माण चल रहा है।

जेपी गंगा पथ से जुड़ेगा विश्वामित्र पथ

बक्सर से आरा होते हुए मनेर तक बनने वाले विश्वामित्र गंगा पथ को पटना स्थित जेपी गंगा पथ से जोड़ा जाएगा। इसके तैयार होने से पटना से आरा, बक्सर तथा और आगे तक जाने और आने में लोगों को काफी सुविधा होगी। अभी आरा, बक्सर जाने में लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। अब गंगा किनारे इन शहरों में जाना आसान होगा।

नारायणी पथ भी बनेगा

वहीं, सारण जिला के दरिहारा (कोन्हुआ) से गोपालगंज के डुमरिया घाट तक 73.51 किमी लंबाई में नारायणी पथ बनेगा। इससे बिहार और उत्तर प्रदेश आवागमन में सुविधा होगी।

पटना में पुलिस अधीक्षक (नगर व्यवस्था) का नया पद सृजित

पटना में शहरी प्रबंध इकाई के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक (नगर व्यवस्था) का पद सृजित करने को मंजूरी दी गयी। अभी पटना पूर्वी,मध्य,पश्चिमी,ग्रामीण और ट्रैफिक एसपी का पद है। वहीं, गर्दनीबाग में आटिज्म प्रभावित बच्चों के बेहतर इलाज के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेगा। साइबर अपराध इकाई तथा विशेष शाखा के लिए पांच मंजिला भवन 5, मैंगल्स रोड पर बनेगा। दीघा-कंकड़बाग सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को 72.65 करोड़ की मंजूरी दी गई ।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।