ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार समस्तीपुर25 लाख की ठगी कर पुलिस से छिप रहे युवक-युवती धराए

25 लाख की ठगी कर पुलिस से छिप रहे युवक-युवती धराए

एक आयुर्वेद कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर हिमाचल प्रदेश के एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने एक युवक व युवती को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों की गिरफ्तारी...

25 लाख की ठगी कर पुलिस से छिप रहे युवक-युवती धराए
हिन्दुस्तान टीम,समस्तीपुरFri, 07 Feb 2020 11:49 PM
ऐप पर पढ़ें

एक आयुर्वेद कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर हिमाचल प्रदेश के एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने एक युवक व युवती को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए हिमाचल प्रदेश की पुलिस एक पखवारे से समस्तीपुर में कैंप कर रही थी। पुलिस ने दोनों को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विवेक विहार में किराये के मकान से दबोचा। उनके पास से पुलिस ने पांच मोबाइल, छह सिम और सात आधारकार्ड बरामद किए हैं। युवक और युवती मोबाइल पर कॉल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।

इस मामले में मुफस्सिल थाने में प्रेस वार्ता में सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार ने बताया कि नालंदा जिले के कतरीसराय थाने के ब्रंडी गांव का राजू कुमार सिंह और समस्तीपुर जिले के खानपुर थाने के मसीना गांव की आरती कुमारी को ठगी के मामले में पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के हरौली उना के नरेश बग्गा ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। दोनों ने आयुर्वेद कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर उन्हें विश्वास में लेकर 25 लाख 15 हजार रुपये की ठगी की थी।

इधर, उनसे ठगी करने के बाद दोनों समसतीपुर में मकान बदल-बदल कर रहते थे। मोबाइल सर्विलांस के आधार पर पुलिस उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। उन्होंने बताया कि इनकी गिरफ्तारी के लिए हिमाचल की पुलिस भी आयी हुई थी। हिमाचल पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर नगर थानाध्यक्ष सीताराम प्रसाद, मुफस्सिल थाना विक्रम आचार्य, डीआईयू की टीम व सिपाही गणेश कुमार को दोनों को दबोचने के लिए लगाया गया था। गिरफ्तारी के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से ट्रांजिट रिमांड पर हिमाचल प्रदेश की पुलिस दोनों को अपने साथ ले गयी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें