डायन बता महिला को बांधकर पीटा
समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में चंदौली गांव में एक महिला को अंधविश्वास के चलते डायन बताकर ग्रील से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पीड़िता ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में अंधविश्वास के नाम पर एक महिला को डायन बताकर ग्रील से बांध दिया गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया है। ‘हिन्दुस्तान’ इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता। पीड़िता ने गांव के छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार, घटना 7 जून की सुबह की बताई जा रही है।
पीड़ित महिला अपने घर पर घरेलू काम कर रही थी, तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और उस पर डायन होने का आरोप लगाने लगे। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसे जबरन खींचकर एक घर में ले जाया गया, जहां ग्रील से बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। मारपीट के दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद महिला को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया गया। पीड़िता ने बताया कि उसकी चार बेटियां हैं और कोई बेटा नहीं है। गांव के कुछ लोग अक्सर उसे डायन कहकर प्रताड़ित करते थे। उसने आरोप लगाया कि घटना के बाद थाना में आवेदन देने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। महिला का यह भी आरोप है कि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ने के बाद छोड़ दिया। वहीं पीड़िता के पति जो मजदूरी करते हैं, उसने कहा कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर, उजियारपुर पुलिस का कहना है कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं गया है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


